छोड़कर सामग्री पर जाएँ

चायवाला जीवर्धन चौहान भाजपा का महापौर प्रत्याशी, ओपी चौधरी ने शेयर किया चाय बनाते हुए वीडियो.. Watch Video

IMG 20250126 WA008728129

रायगढ़: छत्तीसगढ़ के नगरीय निकाय चुनावों में रायगढ़ महापौर पद की दौड़ ने नया मोड़ ले लिया है। भारतीय जनता पार्टी ने सभी राजनीतिक समीकरणों को दरकिनार कर जीवर्धन चौहान को प्रत्याशी घोषित किया है। एक साधारण चायवाले से महापौर प्रत्याशी तक पहुंचने की यह कहानी जनता के बीच चर्चा का प्रमुख विषय बन गई है। भाजपा के इस फैसले ने शहर में न केवल राजनीतिक हलचल तेज कर दी है, बल्कि आम जनता और कार्यकर्ताओं के दिलों को भी छुआ है। करीब तीन दशकों से पार्टी के लिए निष्ठा से कार्य कर रहे जीवर्धन चौहान को महापौर पद के लिए चुना जाना भाजपा की रणनीतिक सोच को दर्शाता है।

चौहान की साधारण पृष्ठभूमि और चाय बेचने का पेशा अब भाजपा के लिए प्रेरणा का प्रतीक बन गया है। भाजपा ने इस कदम को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जीवन गाथा से जोड़ते हुए जनता को यह संदेश देने की कोशिश की है कि “अगर एक चायवाला देश का प्रधानमंत्री बन सकता है, तो रायगढ़ के विकास की जिम्मेदारी भी एक चायवाले को सौंपी जा सकती है।” इस घोषणा के बाद प्रदेश के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने जीवर्धन चौहान का चाय बनाते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया। उन्होंने वीडियो के साथ लिखा, “चाय बेचने वाले, 29 साल से पार्टी का कार्य कर रहे जमीनी कार्यकर्ता श्री जीवर्धन चौहान जी को प्रदेश भाजपा ने रायगढ़ महापौर प्रत्याशी बनाया।” यह पोस्ट तेजी से वायरल हो रही है।

उम्मीदवारी की घोषणा के बाद जीवर्धन चौहान अपनी भावनाओं को रोक नहीं पाए। मीडिया के सामने भावुक होते हुए उन्होंने कहा, “यह मेरे जीवन का सबसे बड़ा सम्मान है। पार्टी ने मुझ जैसे साधारण कार्यकर्ता पर जो भरोसा जताया है, मैं उसे कभी टूटने नहीं दूंगा। रायगढ़ के हर वर्ग के लिए समर्पित होकर काम करूंगा।”

हालांकि, भाजपा के इस निर्णय ने महापौर बनने का सपना देख रहे कई अन्य नेताओं को झटका दिया है। रायगढ़ की राजनीतिक गलियों में अब इस फैसले को लेकर मिश्रित प्रतिक्रियाएं हैं। समर्थक इसे “राजनीति में बदलाव का प्रतीक” मान रहे हैं, जबकि कुछ इसे भाजपा की भावनात्मक राजनीति का हिस्सा बता रहे हैं।

img 20250126 wa00867742775956290059943
जीवर्धन चौहान की चाय की दुकान

इस खबर को शेयर करें:

e9073382a8eba25524e580ff55b8f56ea0340bb7ac24cfbd0a28106f19b38d44?s=90&d=mm&r=g

विकास पाण्डेय

एडिटर - वेब एवं डिजिटल

विकास पाण्डेय अक्टूबर 2021 से 'केलो प्रवाह' के साथ जुड़े हैं और डिजिटल विंग के संचालन एवं संपादन की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। रायगढ़ और छत्तीसगढ़ के प्रमुख घटनाक्रम, जनहित के मुद्दों और स्थानीय सरोकारों पर रिपोर्टिंग करते हैं। उन्होंने RIG24 मीडिया नेटवर्क से पत्रकारिता की शुरुआत की और इसी दौरान BJMC की डिग्री हासिल की।

Share: