राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कम्पनी लिमिटेड के राजनांदगांव क्षेत्र में मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना-2026 के तहत अब तक 65 हजार से अधिक उपभोक्ताओं को लाभ मिला है। इस योजना के अंतर्गत पुराने बकाया और अधिभार (सरचार्ज) में कुल 19 करोड़ 46 लाख रुपये की छूट दी गई है। उपभोक्ताओं की सहूलियत को देखते हुए योजना की अवधि बढ़ाकर 31 दिसंबर 2026 तक कर दी गई है।
यह योजना राजनांदगांव क्षेत्र के चार जिलों राजनांदगांव, कबीरधाम, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई और मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी में लागू की गई है। इसके दायरे में बीपीएल, घरेलू और कृषि श्रेणी के वे पात्र उपभोक्ता शामिल हैं, जिनका 31 मार्च 2023 से पहले का बिजली बिल बकाया है। योजना के तहत अब तक कुल 65,062 उपभोक्ताओं ने निपटारा कराया है, जिनमें 31,392 निष्क्रिय और 33,669 सक्रिय उपभोक्ता शामिल हैं। इस व्यवस्था से उपभोक्ताओं ने लगभग 5 करोड़ 89 लाख रुपये की बकाया राशि बिजली कंपनी में जमा कराई है।
संभागवार उपभोक्ताओं की स्थिति और भागीदारी
राजनांदगांव क्षेत्र के सात विद्युत संभागों में उपभोक्ताओं ने इस योजना का लाभ उठाया है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, कवर्धा संभाग में सर्वाधिक 24,415 और पंडरिया संभाग में 21,234 उपभोक्ताओं को राहत मिली है।
इसके अलावा राजनांदगांव संभाग में 6,023, डोंगरगढ़ संभाग में 5,351, खैरागढ़ संभाग में 3,670, मोहला संभाग में 3,076 और डोंगरगांव संभाग में 1,293 उपभोक्ताओं के बकाये का निपटारा किया गया है।
66 वितरण केंद्रों और 3 जोनों में विशेष अभियान
राजनांदगांव क्षेत्र के मुख्य अभियंता हर्ष कुमार मेश्राम ने बताया कि योजना का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए 66 वितरण केंद्रों और 3 जोनों में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। विभागीय अधिकारी और कर्मचारी ग्रामीण व शहरी इलाकों में जाकर उपभोक्ताओं को पात्रता, मिलने वाली छूट और निपटारे की प्रक्रिया की जानकारी दे रहे हैं।
मुख्य अभियंता ने पात्र बीपीएल, घरेलू और कृषि श्रेणी के उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे 31 दिसंबर 2026 तक अपने नजदीकी विद्युत वितरण केंद्र या जोन कार्यालय में पहुंचकर इस समाधान योजना का लाभ उठाएं और अपने बकाये का निपटारा करें।
























