रायपुर। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नई दिल्ली स्थित 5, सुनहरी बाग रोड आवास पर आयोजित दीपावली मिलन समारोह में छत्तीसगढ़ कांग्रेस के शीर्ष नेताओं ने शिरकत की। इस दौरान प्रदेश के नेताओं ने केंद्रीय नेतृत्व से आत्मीय मुलाकात की और देश की वर्तमान राजनीतिक, सामाजिक एवं आर्थिक परिस्थितियों पर चर्चा की।
शीर्ष नेतृत्व की मौजूदगी में हुई अहम चर्चा
दीपावली मिलन समारोह में यूपीए चेयरपर्सन व सांसद सोनिया गांधी, कांग्रेस महासचिव व सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा और छत्तीसगढ़ कांग्रेस प्रभारी व सांसद सुखदेव भगत समेत देशभर से आए पार्टी के वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। छत्तीसगढ़ से पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पूर्व उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव और छत्तीसगढ़ विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष चरण दास महंत सहित कई अन्य वरिष्ठ नेता इस आयोजन में पहुंचे।
बैठक और मुलाकात के दौरान नेताओं के बीच मौजूदा राष्ट्रीय राजनीतिक माहौल, सामाजिक स्थिति और आर्थिक चुनौतियों को लेकर अनौपचारिक व सार्थक बातचीत हुई।
चरण दास महंत ने साझा किया एकजुटता का संदेश
इस अवसर की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा करते हुए छत्तीसगढ़ विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष चरण दास महंत ने कहा कि दीपावली यह संदेश देती है कि अंधकार कितना भी गहरा क्यों न हो, आशा और विश्वास का एक दीपक उसे मिटाने की शक्ति रखता है।
उन्होंने कहा कि आज जब देश के सामने नफरत, वैमनस्य और विभाजनकारी राजनीति की चुनौतियां हैं, ऐसे समय में प्रेम, सद्भाव, भाईचारा और आपसी एकजुटता ही सबसे बड़ी ताकत हैं।












You must be logged in to post a comment.