रायपुर। राजधानी रायपुर के राखी थाना क्षेत्र में एक युवक की सड़ी-गली लाश बोरी में बंद हालत में मिलने से हड़कंप मच गया है। घटना गुरुवार शाम की है, जब बेंद्री गांव के एक पत्थर खदान में पानी पर तैरती बोरी से बाहर निकला एक पैर देखकर ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। जब बोरी को खोला गया, तो अंदर एक युवक की बुरी तरह से सड़ी हुई लाश मिली, जिसकी पहचान दिनेश मानिकपुरी (निवासी: कायाबांधा) के रूप में हुई है।
हत्या की आशंका, सिर और गले में गंभीर चोटें
प्रारंभिक जांच में शव के सिर और गले पर गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे हत्या की आशंका को बल मिला है। शव कम से कम तीन दिन पुराना बताया जा रहा है और उस पर कीड़े भी लग चुके थे। बोरी में बंद कर शव को खदान के पानी में फेंका गया प्रतीत होता है। घटनास्थल पर क्राइम ब्रांच और एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम ने बारीकी से साक्ष्य जुटाए हैं। वहीं, पुलिस ने पंचनामा कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी।
कॉल डिटेल खंगाल रही पुलिस
मृतक के परिजनों को सूचना देकर थाने बुलाया गया है। पुलिस दिनेश की गतिविधियों, संपर्कों और अंतिम बार किसके साथ देखा गया, इन सभी पहलुओं की जांच कर रही है। कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) भी खंगाले जा रहे हैं। इस सनसनीखेज मामले में अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है, लेकिन पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर अज्ञात आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। ग्रामीण इलाकों में इस घटना को लेकर दहशत का माहौल है।

























