सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले के माधोपाली पुल के नीचे लात नाला में रविवार शाम हुए दर्दनाक हादसे का बुधवार को बेहद दुखद अंत हो गया। चार दिनों तक चले लगातार रेस्क्यू अभियान के बाद ग्राम घोटला बड़े के पूर्व सरपंच देवनारायण पटेल और उनकी पत्नी सविता पटेल का शव कार सहित नाले से बरामद कर लिया गया। जानकारी के अनुसार, रविवार शाम तेज बारिश के दौरान उफनते लात नाला को पार करते समय उनकी कार तेज बहाव में बह गई थी। हादसे के बाद से पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, जिला प्रशासन और स्थानीय ग्रामीण लगातार उनकी तलाश में जुटे हुए थे।
मंगलवार तक चले अभियान में कोई सफलता नहीं मिली थी। तेज बारिश और नाले के प्रचंड बहाव के कारण रेस्क्यू अभियान लगातार चुनौतीपूर्ण बना रहा।बुधवार को छत्तीसगढ़ की रेस्क्यू टीम के साथ पंजाब से पहुंचे अनुभवी गोताखोरों ने संयुक्त अभियान चलाया। घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद देर शाम कार का पता लगाया गया और वाहन सहित दोनों शवों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इस सफलता के साथ चार दिनों से चल रहा रेस्क्यू अभियान समाप्त हुआ।
रेस्क्यू अभियान के दौरान कलेक्टर सहित पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी लगातार घटनास्थल पर मौजूद रहे और अभियान की निगरानी करते रहे। स्थानीय ग्रामीणों ने भी खोज अभियान में महत्वपूर्ण सहयोग दिया। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर पहुंचे। प्रशासन ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई पूरी कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
यह हादसा लगातार बारिश के दौरान उफनते नालों और पुल-पुलियों को पार करने के खतरे की एक गंभीर चेतावनी बनकर सामने आया है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बारिश के मौसम में जलभराव और तेज बहाव वाले मार्गों से गुजरने से बचें। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
























You must be logged in to post a comment.