Skip to content

दिल दहला देने वाला मर्डर: अवैध रिश्ते में अंधी पत्नी ने 19 साल छोटे प्रेमी संग मिलकर फौजी पति के किए 6 टुकड़े, सिर बहाया नदी में, अंग फेंके खेतों में

बलिया। उत्तर प्रदेश के बलिया से एक ऐसा हत्याकांड सामने आया है, जिसने पूरे जिले को झकझोर कर रख दिया है। यहां एक महिला ने अपने 19 साल छोटे प्रेमी के साथ मिलकर रिटायर्ड फौजी पति की न सिर्फ बेरहमी से हत्या की, बल्कि उसके शव के 6 टुकड़े कर अलग-अलग जगहों पर फेंक दिए। सिर को घाघरा नदी में बहा दिया गया। यह घटना 9 मई की रात को अंजाम दी गई, जब देश नींद में था, तब बलिया के बहादुरपुर मोहल्ले में एक रिटायर्ड जवान की जिंदगी मौत में तब्दील हो रही थी।

पत्नी के प्रेमजाल में उलझा खूनी खेल

पुलिस जांच में सामने आया है कि रिटायर्ड फौजी देवेंद्र राम (62), जो कि बॉर्डर रोड्स ऑर्गेनाइजेशन (BRO) से सेवानिवृत्त थे, की हत्या में उनकी पत्नी माया देवी (44) मुख्य साजिशकर्ता निकली। माया का प्रेम संबंध अनिल यादव (23) नामक युवक से था, जो ट्रक ड्राइवर है और बलिया के सिकंदरपुर क्षेत्र के खरीद गांव का रहने वाला है। माया और अनिल के बीच संबंध बीते चार वर्षों से चल रहे थे। देवेंद्र की अक्सर बाहर रहने की आदत ने माया और अनिल को नजदीक ला दिया था।

जब मोहल्लेवालों से लेकर बच्चे तक जान गए थे सच

माया और अनिल की नजदीकियां मोहल्ले में चर्चा का विषय बन चुकी थीं। धीरे-धीरे देवेंद्र और उनके बच्चों को भी इस रिश्ते की भनक लग गई। घर में आए दिन झगड़े होने लगे और कई बार देवेंद्र ने माया को पीटा भी। इसी दौरान माया ने अनिल के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची।

नशीली कोल्डड्रिंक पिलाकर मार डाला

घटना के दिन माया ने देवेंद्र को फोन कर शहर वाले घर बुलाया। उसने पहले से ही अनिल, सतीश और मिथलेश को बुला रखा था। देवेंद्र के पहुंचते ही उसे कोल्डड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर बेहोश किया गया। इसके बाद चारों ने मिलकर चाकू से उसके शरीर के छह टुकड़े कर दिए। शव को रात के अंधेरे में खरीद गांव ले जाकर अलग-अलग हिस्सों में फेंका गया। सिर को घाघरा नदी में बहा दिया गया।

अगले दिन गुमशुदगी की कहानी

10 मई को माया ने देवेंद्र की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई, लेकिन पुलिस को शुरुआत से ही संदेह था। जल्द ही माया को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की गई तो पूरी वारदात का खुलासा हो गया। पुलिस ने माया देवी, प्रेमी अनिल यादव सहित कुल 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। अनिल को एक मुठभेड़ के बाद पकड़ा गया।

सिर की तलाश में जुटी पुलिस, गोताखोरों की मदद से सर्च ऑपरेशन जारी

बलिया पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने बताया कि मामले में पुलिस ने तेज कार्रवाई की है। आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद शव के अंगों को बरामद कर लिया गया है, लेकिन अभी तक सिर नहीं मिला है। घाघरा नदी में गोताखोरों की मदद से सर्च ऑपरेशन जारी है।

फौजी परिवार में मातम, बेटियां पढ़ाई में व्यस्त थीं

देवेंद्र राम और माया देवी के तीन बेटियां और एक बेटा है। बड़ी बेटियां जयपुर और नोएडा में नौकरी करती हैं, जबकि छोटी बेटी कोटा में NEET की तैयारी कर रही थी। बेटा भी पढ़ाई में व्यस्त है। परिवार को इस क्रूर हत्या की भनक तक नहीं थी।

इस खबर को शेयर करें:

Editorial

News Room

Kelopravah News : यह छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिला मुख्यालय से 32 वर्षों से संचालित प्रतिष्ठित दैनिक समाचार पत्र 'केलो प्रवाह' का आधिकारिक न्यूज़ डेस्क (Editorial) अकाउंट है। इस आईडी के माध्यम से हमारे अनुभवी पत्रकारों और संपादकीय टीम द्वारा रायगढ़ के गांव-गांव की घटनाओं, छत्तीसगढ़ की प्रमुख खबरों और जनहित के समाचारों को तथ्यों की जांच के बाद प्रकाशित किया जाता है। अक्टूबर 2021 से डिजिटल क्षेत्र में सक्रिय, हमारी टीम देश-दुनिया की हर महत्वपूर्ण खबर को पूरी शुचिता और एविडेंस के साथ पाठकों तक पहुँचाने के प्रति प्रतिबद्ध है।

Share: