छोड़कर सामग्री पर जाएँ

रायगढ़ में ‘ब्लैक फ्राइडे’: 24 घंटे के भीतर 3 लोगों ने लगाया मौत को गले, कबीर चौक से मधुबन पारा तक मची चीख-पुकार

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के लिए साल की शुरुआत बेहद गमगीन रही है। महज 24 घंटों के भीतर शहर के अलग-अलग इलाकों में दो युवती और एक युवक समेत तीन लोगों ने मौत को गले लगा लिया। इन दुखद घटनाओं ने स्थानीय प्रशासन और समाज को झकझोर कर रख दिया है। पुलिस ने तीनों ही मामलों में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है, लेकिन अब तक यह साफ नहीं हो पाया है कि आखिर इन लोगों ने इतना खौफनाक कदम क्यों उठाया।

पहली घटना: कबीर चौक में 25 वर्षीय पूजा ने दी जान
शहर के जूटमिल थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले कबीर चौक से पहली खबर सामने आई। यहां रहने वाली 25 साल की पूजा क्षत्रीय ने बीती रात अपने ही घर के कमरे में पंखे के सहारे फांसी लगा ली। शुक्रवार की सुबह जब काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला, तब परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। अंदर का नजारा देख घर में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही जूटमिल पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। फिलहाल पूजा के इस कदम के पीछे की वजह रहस्य बनी हुई है।

दूसरी घटना: लव मैरिज के बाद अकेलापन और मजबूरी बनी काल
दुखद घटनाओं का सिलसिला यहीं नहीं थमा। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के ढिमरापुर इलाके में रहने वाली 24 वर्षीय ज्योति चौहान ने भी शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे अपने घर में म्यांर से लटककर आत्महत्या कर ली। ज्योति की कहानी बेहद मार्मिक है। परिजनों के मुताबिक, ज्योति ने 6 साल पहले प्रेम विवाह किया था, लेकिन एक साल पहले उसका पति उसे और उनकी छोटी सी बेटी को छोड़कर फरार हो गया। इसके बाद से ज्योति अपने मायके में रहकर मजदूरी कर अपना और अपनी बच्ची का पेट पाल रही थी। माना जा रहा है कि पारिवारिक कलह और आर्थिक तंगी के चलते वह गहरे तनाव में थी।

तीसरी घटना: मधुबन पारा में युवक ने खत्म की जीवनलीला
तीसरी घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के ही मधुबन पारा की है। यहां 27 साल के अशोक पटेल ने बीती रात खाना खाने के बाद अपने कमरे में सोने के लिए गया था। सुबह जब घर वाले उसे जगाने पहुंचे, तो अशोक का शव फांसी के फंदे पर झूलता मिला। अशोक ने यह कदम क्यों उठाया, इसे लेकर उसके दोस्त और घरवाले भी हैरान हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और मामले को जांच में लिया है।

इन तीनों ही मामलों में पुलिस की शुरुआती जांच जारी है। एक ही दिन में तीन आत्महत्याओं ने जिले में मानसिक स्वास्थ्य और सामाजिक दबाव जैसे गंभीर विषयों पर चर्चा छेड़ दी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के विस्तृत बयान के बाद ही इन मौतों की असली वजह सामने आ पाएगी।

इस खबर को शेयर करें:

8690517c9326392a68531b5faf7668b00e00b86685972a50e34c21832c7c1c6c?s=90&d=mm&r=g

Editorial

News Room

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ से 1988 से निरंतर प्रकाशित दैनिक समाचार पत्र 'केलो प्रवाह' का यह Official Digital News Room है। हमारी संपादकीय टीम देश और छत्तीसगढ़ की प्रमुख खबरों, सीएम की गतिविधियों और शासन की जनहितैषी योजनाओं को प्रमुखता से साझा करती है। किसानों के हित में समर्पित हमारी टीम, 'जल, जंगल और जमीन' से जुड़े संवेदनशील मुद्दों और विभिन्न विभागों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने वाली रिपोर्टिंग के साथ ही सुदूर अंचलों की ज़मीनी हकीकत को सामने लाती है। जनहित से जुड़ी गतिविधियों, खनिज और औद्योगिक क्षेत्रों की 'Exclusive' खबरों को Evidence के साथ प्रमाणिकता से प्रकाशित करना हमारी प्राथमिकता है। राजनीति, प्रशासन, अपराध, स्पोर्ट्स, रोज़गार, खेती-किसानी और धार्मिक विषयों सहित हर क्षेत्र की खबरों को पूरी शुचिता के साथ प्रस्तुत करना ही हमारा संकल्प है।

Share: