रायपुर। राजधानी में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है, जब जी.ई. रोड स्थित अनुपम गार्डन के पास यूनिवर्सिटी गेट के सामने लगाए गए विकास कार्यों से जुड़े पोस्टर पर अज्ञात लोगों ने काला पेंट पोतकर राजनीतिक प्रतीक कमल निशान को काट दिया।शिकायतकर्ता दिनेश तिवारी, निवासी डूमर तालाब मोहबा बाजार, ने पुलिस को बताया कि 26 नवंबर को दोपहर करीब 12:30 बजे वे रायपुर से घर लौट रहे थे। उसी दौरान उन्होंने देखा कि पोस्टर पर छपी रायपुर पश्चिम विधायक राजेश मूणत की तस्वीर पर किसी ने काली स्याही पोती हुई थी, साथ ही कमल निशान को भी काट दिया गया।
दिनेश तिवारी ने इसे जनप्रतिनिधि का अपमान बताते हुए कहा कि पोस्टर की उपयोगिता नष्ट करने और आसपास की लोकशांति भंग करने की मंशा से यह कृत्य किया गया। पुलिस जांच में आरोप सामने आया कि यह कृत्य विनोद कश्यप उर्फ भक्कू और उसके अन्य साथियों ने किया था। शिकायतकर्ता ने घटना की जानकारी पार्टी के अन्य साथियों को भी दी। सरस्वती नगर थाना पुलिस ने मामले में 352 BNS (दंगा/लोकशांति भंग), 324(2) BNS (संपत्ति को नुकसान पहुँचाना), तथा छत्तीसगढ़ संपत्ति विरूपण निवारण अधिनियम, 1994 की धारा 3 (संपत्ति को विकृत/क्षतिग्रस्त करना) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

























