बिलासपुर। जिले के लालखदान रेलवे स्टेशन के पास आज शाम करीब 4 बजे हुए भीषण रेल हादसे में एक बड़ा अपडेट सामने आया है। जानकारी के अनुसार, कोरबा पैसेंजर ट्रेन के एक डिब्बे को पीछे से आ रही मालगाड़ी ने टक्कर मार दी, जिससे ट्रेन के कई डिब्बे पटरी से उतर गए। दुर्घटना में ट्रेन के लोको पायलट विद्या राज की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गार्ड शैलेष यादव गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। उन्हें तत्काल इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
रेलवे प्रशासन ने हादसे में प्रभावित लोगों के लिए अनुग्रह सहायता राशि की घोषणा की है। मृतकों के परिजनों को ₹10 लाख, गंभीर रूप से घायल यात्रियों को ₹5 लाख, तथा सामान्य रूप से घायल यात्रियों को ₹1 लाख की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, घटना के कारणों की जांच की जा रही है। वरिष्ठ अधिकारी और राहत दल मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रहे हैं। हादसे के बाद रेलवे ट्रैफिक प्रभावित हुआ है, जिसे जल्द सामान्य करने के प्रयास जारी हैं।

























