बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में लालखदान स्टेशन के पास आज शाम हुए भीषण रेल हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। कोरबा पैसेंजर ट्रेन और मालगाड़ी की आमने-सामने की टक्कर से ट्रेन के कई डिब्बे पटरी से उतर गए, जिससे हावड़ा-मुंबई मुख्य रेल मार्ग पूरी तरह बाधित हो गया है। हादसे के बाद रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी, रेस्क्यू टीम और तकनीकी विभाग मौके पर पहुंच गए हैं। घायलों को सुरक्षित बाहर निकालने का कार्य तेजी से जारी है। रेलवे ने यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कई ट्रेनों को बीच रास्ते में रोक दिया है।
जानकारी के अनुसार — हावड़ा की ओर जाने वाली 7 ट्रेनें दुर्ग से बिलासपुर के बीच कंट्रोल कर रोकी गई हैं। मुंबई की ओर जाने वाली 6 ट्रेनें रायगढ़ से चंपा के बीच रोक दी गई हैं। अधिकारियों का कहना है कि जब तक राहत और ट्रैक बहाली का काम पूरा नहीं होता, तब तक अन्य ट्रेनों का परिचालन भी रोका जा सकता है।
रेलवे सूत्रों के मुताबिक, हादसे में महिला आरक्षित बोगी को सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचा है। हालांकि रेस्क्यू टीम यात्रियों को सुरक्षित निकालने में जुटी हुई है। ट्रैक की मरम्मत, डिब्बों को हटाने और ओवरहेड वायरिंग को दुरुस्त करने का कार्य युद्धस्तर पर जारी है। रेलवे प्रशासन ने बताया कि हादसे की जांच शुरू कर दी गई है। रेलवे सेफ्टी कमिश्नर की टीम को भी घटनास्थल पर भेजा गया है। अधिकारी लगातार राहत कार्य और स्थिति की निगरानी कर रहे हैं।

























