छोड़कर सामग्री पर जाएँ

रात में बाहर घूमने से रोकने पर पोते ने की दादी की हत्या, कमरे में शव के पास बैठा रहा आरोपी

BeFunky design 2026 11 04T201253.076 1

बिलासपुर। जिले के पचपेड़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम लोहर्सी में रात में बाहर घूमने से मना करने पर एक पोते ने अपनी 65 वर्षीय दादी की खाट के पाए से हमला कर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी कमरे में ही शव के पास बैठा रहा और खुद फोन कर परिजनों को घटना की जानकारी दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, ग्राम लोहर्सी के सतनामीपारा निवासी 65 वर्षीय नरबदा कोशले अपने पोते मृत्युंजय उर्फ बब्बू कोशले के साथ घर पर रहती थीं। नरबदा के पति तिरिथराम का पूर्व में निधन हो चुका है, जबकि उनका बेटा साजन कोशले परिवार सहित रोजी-रोटी कमाने के लिए उंटी गया हुआ था। घर में केवल दादी और पोता ही रह रहे थे।

देर रात बाहर जाने को लेकर होता था विवाद

परिजनों के बाहर रहने के दौरान बब्बू देर रात तक घर से बाहर घूमता रहता था। दादी उसे गलत संगत से बचाने की चिंता में अक्सर समझाती थीं और रात में बाहर जाने से रोकती थीं। इसी बात को लेकर दोनों के बीच आए दिन विवाद होता रहता था।

बीती रात भी जब दादी ने उसे देर रात बाहर जाने से मना किया, तो बब्बू ने नाराज होकर आपा खो दिया। उसने घर में रखे खाट के पाए से बुजुर्ग महिला के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

वारदात के बाद खुद फोन कर दी हत्या की जानकारी

वारदात के बाद आरोपी ने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया और शव के पास ही बैठा रहा। इसके बाद उसने अपने पिता साजन कोशले और दादी के भाई भगवत महिलांगे को फोन कर बताया कि उसने दादी की हत्या कर दी है। उसने परिजनों से कहा कि दादी उसे रोजाना रात में बाहर जाने से रोकती थी, इसलिए उसने यह कदम उठाया।

सूचना मिलते ही भगवत महिलांगे मौके पर पहुंचे। दरवाजा अंदर से बंद होने पर जब आवाज देने पर भी नहीं खुला, तो उन्होंने खिड़की से अंदर देखा, जहां नरबदा कोशले का शव पड़ा था। इसके बाद उन्होंने तत्काल पुलिस और डायल 112 को सूचना दी।

पचपेड़ी पुलिस के मौके पर पहुंचने के बाद आरोपी ने दरवाजा खोला और बाहर आकर खुद पुलिस वाहन में बैठ गया। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है और हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी मृत्युंजय उर्फ बब्बू कोशले को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

इस खबर को शेयर करें:

8690517c9326392a68531b5faf7668b00e00b86685972a50e34c21832c7c1c6c?s=90&d=mm&r=g

Editorial

News Room

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ से 1988 से निरंतर प्रकाशित दैनिक समाचार पत्र 'केलो प्रवाह' का यह Official Digital News Room है। हमारी संपादकीय टीम देश और छत्तीसगढ़ की प्रमुख खबरों, सीएम की गतिविधियों और शासन की जनहितैषी योजनाओं को प्रमुखता से साझा करती है। किसानों के हित में समर्पित हमारी टीम, 'जल, जंगल और जमीन' से जुड़े संवेदनशील मुद्दों और विभिन्न विभागों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने वाली रिपोर्टिंग के साथ ही सुदूर अंचलों की ज़मीनी हकीकत को सामने लाती है। जनहित से जुड़ी गतिविधियों, खनिज और औद्योगिक क्षेत्रों की 'Exclusive' खबरों को Evidence के साथ प्रमाणिकता से प्रकाशित करना हमारी प्राथमिकता है। राजनीति, प्रशासन, अपराध, स्पोर्ट्स, रोज़गार, खेती-किसानी और धार्मिक विषयों सहित हर क्षेत्र की खबरों को पूरी शुचिता के साथ प्रस्तुत करना ही हमारा संकल्प है।

Share: