रायगढ़। तेज रफ्तार वाहन का चालक लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए बाईक को ठोकर मार कर फरार हो गया। इस घटना में मोटरसायकिल सवार युवक को गंभीर चोट आने की वजह से घटना स्थल पर ही उसकी मौत हो गई। पुलिस द्वारा आरोपी चालक की पतासाजी की जा रही है। उक्त घटना पुसौर थाना क्षेत्र की है। इस संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार पुसौर थानांतर्गत ग्राम सुर्री निवासी दर्शन दास महंत शुनिवार की रात तकरीबन 9 बजे अपनी मोटरसायकिल (क्रमांक सीजी 13 एच 4274) से
अपने मामा के घर सारंगढ़ क्षेत्र के ग्राम चुरेला जाने के लिए निकला था। इसी दौरान ग्राम तिलगी के पास अज्ञात वाहन का चालक तेज रफ्तार व लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए बाईक को ठोकर मार कर फरार हो गया। इधर वाहन की ठोकर से दर्शन दास गंभीर रूप से जख्मी हो गया तथा इससे पहले उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया जाता, घटना स्थल पर ही उसने दम तोड़ दिया।
मामले की सूचना पर पुसौर पुलिस ने शव को पुसौर अस्पताल लेजाकर पोस्टमार्टम केे बाद अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंपा। वहीं अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ बीएनएस की धारा 106 (1) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसकी पतासाजी प्रारंभ कर दी है।























