रायगढ़। तेज रफ्तार ट्रेक्टर के ठोकर से बाईक सवार युवक गिर कर गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे मेकाहारा में भर्ती कराया गया था। उपचार के दौरान जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष करते हुए उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया है। उक्त घटना लैलूंंगा थाना क्षेत्र की है। इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार लैलूंगा थानांतर्गत ग्राम किलकिला निवासी जागेश्वर चौहान पिता दाहिन चौहान (उम्र 30 वर्ष) गुरूवार की शाम को बाईक से देसकीमुड़ा किसी काम से जा रहा था।
देसकीमुड़ा के कुछ दूर पहले की विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार ट्रेक्टर के चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए बाईक को ठोकर मार दिया। इस घटना में जागेश्वर सडक़ पर गिर कर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे लैलूंगा स्वास्थ्य केन्द्र में इलाज के लिए ले जाया गया जहां प्रारंभिक इलाज के बाद स्थिति की गंभीरता को देखते हुए चिकित्सकों ने रायगढ़ रेफर कर दिया था। वहीं परिजनों ने जागेश्वर को मेडिकल कालेज हास्पिटल लाकर भर्ती कराया जहां उपचार के दौरान आज सुबह उसकी मौत हो गई।
अस्पताल से मिली तहरीर पर पुलिस ने शून्य में मर्ग कायम करते हुए शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंपते हुए आगे की कार्रवाई प्रारंभ कर दी है।























