रायगढ़। तेज रफ्तार ट्रक के चालक द्वारा लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए मोटरसायकिल को ठोकर मार देने से एक युवक की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं उसका एक अन्य साथी बाल-बाल बच गया। हालांकि वह भी चोटिल हुआ है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के अस्पताल भेजते हुए आरोपी ट्रक चालक के विरूद्ध जुर्म दर्ज कर आगे की कार्रवाई प्रारंभ कर दी है। उक्त मामला पुसौर थाना क्षेत्र का है। मिली जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश के विशुनपुरा जिला अंतर्गत बिजरू थाना क्षेत्र के ग्राम बढारा निवासी संजय यादव वर्तमान में रायगढ़ के बड़े भंडार में अदानी कंपनी के क्वार्टर में रहता है तथा भवानी एरक्टेस प्राईवेट लिमिटेड कंपनी में क्रेन ऑपरेटर का काम करता है।
गुरूवार को दोपहर तकरीबन 12 बजे वह अपने साथी अखिलेश सिंह के साथ अपाचे बाईक (क्रमांक जेएच 24 एफ 1060) से बड़े भण्डार मछली खरीदने गया था तथा मछली लेकर वे दोनों कंपनी की ओर वापस आ रहे थे। इसी दौरान अदानी कंपनी के पास पीछे की ओर से आ रही तेज रफ्तार ट्रक (क्रमांक सीजी 18 आर 7776) के चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उनकी बाईक को ठोकर मार दिया। ट्रक की ठोकर से दोनों सडक़ पर गिर गये। वहीं मोटरसायकिल के पीछे बैठा अखिलेश सिंह ट्रक के पहियों के नीचे आ गया जिससे उसकी घटना स्थल पर ही मौत हो गई। वहीं बाईक चला रहे संजय यादव भी जख्मी हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुसौर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया।
वहीं संजय यादव को भी अस्पताल ले जाकर उपचार के लिए भर्ती कराया गया। इस मामले में पुलिस ने संजय यादव की रिपोर्ट पर ट्रक चालक मोडा सिंह के विरूद्ध बीएनएस की धारा 106 (1), 125 (ए), 281 के तहत जुर्म दर्ज करते हुए आगे की कार्रवाई प्रारंभ कर दी है।























