टी20 वर्ल्ड कप 2026 में नामीबिया के खिलाफ होने वाले मुकाबले से पहले टीम इंडिया के लिए बुरी खबर सामने आई है। भारतीय टीम के स्टार ओपनर अभिषेक शर्मा की तबीयत बिगड़ गई है और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अभिषेक के पेट में गंभीर इंफेक्शन बताया जा रहा है जिसके चलते उनका नामीबिया के खिलाफ खेलना लगभग नामुमकिन माना जा रहा है। भारत को टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अपना दूसरा मुकाबला 12 फरवरी को नामीबिया के खिलाफ खेलना है। यह मैच दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में आयोजित होगा। लेकिन अभिषेक शर्मा की मौजूदा हालत को देखते हुए उनके प्लेइंग इलेवन में शामिल होने पर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है।
दरअसल 7 फरवरी को USA के खिलाफ खेले गए पहले मुकाबले के दौरान ही अभिषेक की तबीयत ठीक नहीं थी। बताया गया कि तेज बुखार के बावजूद उन्होंने वह मैच खेला, जिसके बाद उनकी हालत और ज्यादा बिगड़ गई। उस मुकाबले में अभिषेक गोल्डन डक पर आउट हो गए थे और इसके बाद वे न तो डगआउट में नजर आए और न ही फील्डिंग करते दिखे। उनकी जगह संजू सैमसन ने फील्डिंग की थी। मैच के बाद अभिषेक हैंडशेक के लिए भी मैदान पर नहीं आए, जिससे उनकी तबीयत को लेकर अटकलें तेज हो गई थीं। इतना ही नहीं उस मैच के दौरान जसप्रीत बुमराह भी बीमार थे जबकि वॉशिंगटन सुंदर टीम के साथ मौजूद नहीं थे।
ऐसे हालात में टीम के लिए ड्रिंक्स सर्व करने की जिम्मेदारी कुलदीप यादव और फील्डिंग कोच टी. दिलीप ने संभाली। 10 फरवरी को टीम इंडिया के प्रैक्टिस सेशन में भी अभिषेक शर्मा नजर नहीं आए। टीम मैनेजमेंट की ओर से तब यह कहा गया कि उन्हें पेट से जुड़ी समस्या है। हालांकि, टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, अभिषेक को पेट में इंफेक्शन हुआ है, जिसके चलते उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। टीम इंडिया के असिस्टेंट कोच रेयान डेस काटे ने मीडिया से बातचीत में कहा था कि अभिषेक को पेट को लेकर कुछ शिकायतें हैं और उम्मीद है कि वह अगले दो दिनों में फिट हो सकते हैं। प्रैक्टिस सेशन में उनकी गैरमौजूदगी और संजू सैमसन का जोर-शोर से बल्लेबाजी अभ्यास करना इस बात की ओर इशारा कर रहा है कि नामीबिया के खिलाफ अभिषेक का खेलना मुश्किल है।























