- महादेव सट्टा एप से जुड़े होने के संकेत, पिता की मनिहारी की दुकान, पिछले दो-तीन साल में पलटी किस्मत
रायगढ़, 10 अगस्त। रायकोना के शिवा साहू की तरह रायगढ़ जिले में ऐसे कई युवा हैं जिनकी किस्मत पिछले तीन सालों में पलट गई। जो कभी चंद हजार रुपए कमाने के लिए तरसते थे, अब उनके पास करोड़ों रुपए हैं। खरसिया के एक युवा अमन नत्थानी को दिल्ली पुलिस ने उठाया तो तो उसकी कहानी भी सामने आई। प्रदेश में सट्टे का सबसे बड़ा केंद्र सक्ती है। यहां से बड़ा नेटवर्क संचालित होता है। इस नेटवर्क में खरसिया भी जुड़ा है। कई युवा इस नेटवर्क से जुडक़र करोड़ों रुपए बना चुके हैं।
इस बीच महादेव एप की एंट्री ने इन युवाओं को अकूत दौलत का मालिक बना दिया। शनिवार सुबह दिल्ली पुलिस की एक टीम ने खरसिया में छापा मारा। सूत्रों के मुताबिक अमन नत्थानी निवासी सिंधी कॉलोनी खरसिया को पुलिस उठाकर ले गई। कहा जा रहा है कि महादेव सट्टा एप से इसके जुड़े होने के संकेत मिले हैं। यह भी कहा जा रहा है कि पिछले तीन साल में अचानक से अमन की दशा बदल गई। एकाएक करोड़ों रुपए आने से लाइफस्टाइल ही चेंज हो गई थी। बताते हैं कि अमन हर तीन महीने में नई गाड़ी खरीद लेता था।
सट्टे के कारोबार से जुड़ा होने के कारण दिल्ली पुलिस ने कार्रवाई की होगी। यह भी कहा जा रहा है कि उसके नाम पर दिल्ली पुलिस में धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है। अमन के एकाउंट में लाखों रुपए ट्रांसफर होने के बाद संदेह हुआ। पुष्टि होने के बाद पुलिस कार्रवाई करने पहुंची। हालांकि यह कार्रवाई दिल्ली पुलिस ने की या छग पुलिस ने इस पर संदेह है।
हर गली में मिलेगा एक अमन
खरसिया का डायरेक्ट लिंक सट्टे के साथ है। सक्ती वाले नेटवर्क के बाद महादेव एप से भी यहां के कई युवा जुड़े हैं। सूत्रों के मुताबिक खरसिया में एक-दो नहीं बल्कि हर गली में एक अमन मिलेगा। यहां के युवाओं को सट्टे ये अकूत कमाई हुई है। पुलिस जब इस नेटवर्क को तोड़ती है तो यहां से भी तार जुड़ते हैं।























