रायपुर: राजधानी रायपुर के तेलीबांधा थाना क्षेत्र में स्थित बेबीलॉन टावर में बुधवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ, जहां 30 वर्षीय युवक विजय बसोने ने सातवीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें विजय को ऊपरी मंजिल से गिरते हुए देखा जा सकता है।जानकारी के मुताबिक मूल रूप से मध्य प्रदेश के बालाघाट का रहने वाला विजय बसोने रायपुर के पंडरी इलाके में अपने पिता, पत्नी और डेढ़ साल की बच्ची के साथ किराए के मकान में रहता था। वह कचना स्थित एक होटल में अकाउंटेंट की नौकरी कर रहा था, लेकिन कम सैलरी के कारण वह बेहतर काम की तलाश में था। बुधवार को वह इसी सिलसिले में बेबीलॉन टावर पहुंचा था, जहां उसने कुछ ऑफिसों में संपर्क किया, लेकिन उसे नौकरी नहीं मिली।
CCTV में कैद हुई आत्महत्या की पूरी घटना
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विजय काफी देर तक बेबीलॉन टावर में भटकता रहा। उसने कई कंपनियों में नौकरी के लिए बात की, लेकिन असफल रहा। इसके बाद वह सातवीं मंजिल पर पहुंचा और रेलिंग के पास जाकर कुछ देर खड़ा रहा। इस दौरान उसने दो बार पीछे मुड़कर देखा और फिर अचानक रेलिंग फांदकर नीचे कूद गया।
गिरते ही मौके पर मौत, शरीर की कई हड्डियां टूटीं
सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, विजय नीचे गिरते ही जोरदार आवाज आई। उसके शरीर में हलचल के संकेत मिले, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उसकी तुरंत मौत हो गई। वह पैरों के बल जमीन पर गिरा, जिससे उसकी हड्डियां बुरी तरह टूट गईं। रीढ़ की हड्डी को भी गंभीर नुकसान पहुंचा। हालांकि, सिर सीधे जमीन से नहीं टकराने के कारण अधिक खून नहीं बहा, लेकिन सिर में भी चोटें आईं।
आखिरी वक्त में पत्नी से हुई थी बात
परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, विजय आर्थिक तंगी से जूझ रहा था। उसकी पत्नी किडनी की बीमारी से ग्रसित है, जिसका इलाज चल रहा था। इस पर काफी पैसा खर्च हो रहा था और विजय पर कर्ज भी था। घटना से पहले उसकी पत्नी ने उसे फोन किया था और अस्पताल जाने के बारे में पूछा था। विजय ने फोन पर सिर्फ इतना कहा, “घर आकर बात करूंगा,” और फिर कॉल काट दी।
पुलिस जांच में जुटी, परिजनों से हो रही पूछताछ
घटना की सूचना मिलने पर तेलीबांधा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। पुलिस को विजय की जेब से उसका आईडी कार्ड और मोबाइल मिला, जिससे उसकी पहचान हो सकी। सिविल लाइन के CSP अजय कुमार ने बताया कि अभी मौत की असली वजह सामने नहीं आई है। पुलिस मृतक के परिजनों से पूछताछ कर रही है और अन्य संभावित कारणों की भी जांच कर रही है।
गुरुवार को किया जाएगा अंतिम संस्कार
पोस्टमॉर्टम के बाद विजय का शव गुरुवार सुबह परिजनों को सौंप दिया जाएगा। इस दर्दनाक घटना से परिवार सदमे में है। विजय के जानने वालों का कहना है कि वह एक मेहनती इंसान था, लेकिन आर्थिक तंगी और पारिवारिक समस्याओं ने उसे अवसाद में डाल दिया।

























