रायगढ़, 27 अप्रैल। रायगढ़ जिले के खरसिया क्षेत्र में शनिवार को एक तेज रफ्तार पिकअप की चपेट में आने से दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। मिली जानकारी के अनुसार, डारआमा निवासी राजेंद्र धनवार और अजय धनवार शनिवार को अपनी मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 13 एक्स 7306 पर सवार होकर शादी का कार्ड बांटने भालूचुआ गांव गए थे।
कार्ड बांटकर वापस लौटते समय, जब वे रानीसागर रोड से खरसिया की ओर आ रहे थे, तभी मुरली फार्म हाउस के पास सामने से आ रही एक पिकअप वाहन क्रमांक सीजी 04 एल. के. 1653 के चालक ने लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए उन्हें सीधी टक्कर मार दी।
इस जोरदार भिड़ंत में मोटरसाइकिल चला रहे राजेंद्र और पीछे बैठे अजय को शरीर में गंभीर चोटें आई हैं, साथ ही उनकी मोटरसाइकिल भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। घटना के तुरंत बाद दोनों घायलों को उपचार के लिए खरसिया के पद्मावती अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
मामले की सूचना मिलते ही खरसिया चौकी पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरक्षक रामभजन राठिया के माध्यम से रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस ने आरोपी पिकअप चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 281 और 125(ए) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामला विवेचना में लिया है।













