रायगढ़। आगामी निर्वाचक नामावली के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएसआर) को त्रुटिरहित और सुव्यवस्थित ढंग से पूरा कराने के उद्देश्य से जिला कार्यालय के सभाकक्ष में जिला एवं विधानसभा स्तरीय मास्टर ट्रेनरों का एक दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया। इस प्रशिक्षण में मतदाता सूची की शुद्धता सुनिश्चित करने और निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी कार्य निपटाने पर जोर दिया गया।
12 नवंबर से शुरू होगा पुनरीक्षण कार्यक्रम
डिप्टी कलेक्टर धनराज मरकाम ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अर्हता तिथि 1 जनवरी 2027 के संदर्भ में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण की प्रक्रिया 12 नवंबर 2026 से शुरू होगी। तय कार्यक्रम के अनुसार मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 4 जनवरी 2027 को किया जाएगा।
मास्टर ट्रेनर आगे देंगे मैदानी अमले को प्रशिक्षण
इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों को पुनरीक्षण कार्यक्रम की कार्यप्रणाली तथा उनके दायित्वों से अवगत कराना था। इससे मतदाता सूची तैयार करने के दौरान सभी दिशा-निर्देशों का सही तरीके से पालन हो सकेगा।
प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले जिला और विधानसभा स्तरीय मास्टर ट्रेनर आगे चलकर संबंधित मैदानी अधिकारियों व कर्मचारियों को प्रशिक्षित करेंगे। इस अवसर पर विधानसभा क्षेत्रों के मास्टर ट्रेनर उपस्थित रहे और सभी दायित्वों को समय पर गंभीरता से पूरा करने का संकल्प लिया गया।























