- पड़ोस के गांव शिवपुरी पेमेंट लेने गया था युवक
- छाल थाना क्षेत्र के गलीमार मुड़गल जंगल में हुआ हादसा
रायगढ़ (केलो प्रवाह)। पड़ोस के गांव से पेमेंट लेने गए युवक की सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि बाइक की रफ्तार तेज होने के कारण वह ग्रामीण के नियंत्रण से बाहर हो गई तथा सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई थी। बाइक भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी। पुलिस ने मृतक बाइक सवार के विरुद्ध जुर्म दर्ज करते हुए आगे की कार्रवाई प्रारंभ कर दी है। उक्त घटना छाल थाना क्षेत्र की है।इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार छाल थानांतर्गत ग्राम खर्रा निवासी शोभा राम धनवार बुधवार की शाम को ग्राम शिवपुरी पेमेंट लेने जाने
की बात कहते हुए अपने पड़ोसी मनोज कुमार यादव से मोटरसाइकिल (क्रमांक सीजी 13 बीडी 3250) मांग कर ले गया था। रात भर वह घर नहीं लौटा था। बताया जा रहा है कि गुरुवार की सुबह वह वापस आ रहा था। इसी दौरान गलीमार मुड़गल जंगल में बाइक की रफ्तार काफी तेज होने के कारण वह अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। पेड़ से टकराने की वजह से मोटरसाइकिल बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई तथा शोभा राम धनवार को गंभीर चोट आने के कारण उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
मामले की जानकारी मिलने पर मनोज यादव गांव के अन्य लोगों के साथ घटनास्थल पहुंचा और शोभा राम को मृत हालत में पड़े देख छाल थाने में सूचना दी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरू करते हुए शव को अस्पताल भिजवाया, जहां पोस्टमार्टम के बाद अंतिम संस्कार के लिए शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मृतक शोभा राम धनवार के विरुद्ध बीएनएस की धारा 106 (1) के तहत अपराध पंजीबद्ध करते हुए आगे की कार्रवाई प्रारंभ कर दी है।























