छोड़कर सामग्री पर जाएँ

संजय मार्केट में एयरपोर्ट की तर्ज पर बना आधुनिक वॉशरूम, जल्द होगा लोकार्पण

IMG 20261008 WA0017 1
  • निगमायुक्त ने किया दो मंजिला बिल्डिंग का निरीक्षण, सामने मिलेगी 50 दोपहिया वाहनों की पार्किंग

रायगढ़। शहर के सबसे व्यस्त और प्रमुख व्यावसायिक केंद्र संजय मार्केट में आने वाले व्यापारियों और ग्राहकों के लिए एक राहत भरी खबर है। यहां लंबे समय से महसूस की जा रही जनसुविधा की कमी को दूर करते हुए, एयरपोर्ट की तर्ज पर एक सर्वसुविधायुक्त और आधुनिक ‘आकांक्षी टॉयलेट ब्लॉक’ लगभग बनकर तैयार हो गया है। जल्द ही इसका लोकार्पण कर इसे आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा। इसी कड़ी में गुरुवार को नगर निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय ने मौके पर पहुंचकर इस नवनिर्मित वॉशरूम और इसके ठीक सामने विकसित की जा रही पार्किंग व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया।

कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में तैयार किए गए इस दो मंजिला भवन में सुविधा, स्वच्छता और आकर्षक डिजाइन का खास ख्याल रखा गया है। निगमायुक्त ने दोनों मंजिलों पर जाकर निर्माण की गुणवत्ता, फिनिशिंग और साफ-सफाई का जायजा लिया। इस 20 सीटर हाईटेक वॉशरूम के ग्राउंड फ्लोर को पूरी तरह महिलाओं की सुविधा के अनुरूप तैयार किया गया है। इसमें चार इंडियन और दो वेस्टर्न सीट के अलावा दो यूरिनल, दो बाथरूम, दिव्यांगों के लिए एक विशेष टॉयलेट, दो वॉश बेसिन और छोटे बच्चों वाली माताओं की सहूलियत के लिए एक ‘बेबी केयर रूम’ बनाया गया है। वहीं, पहले माले पर पुरुषों के लिए छह इंडियन और दो वेस्टर्न सीट के साथ पांच यूरिनल, तीन बाथरूम और दो वॉश बेसिन की व्यवस्था की गई है।

सुविधा केंद्र के साथ-साथ निगम प्रशासन यहां यातायात को सुव्यवस्थित करने पर भी जोर दे रहा है। वॉशरूम के सामने लगभग 50 फीट के दायरे में टू-व्हीलर पार्किंग बनाई जा रही है, जिसकी ढलाई का काम अभी प्रगति पर है। निगमायुक्त ने इसका भी मुआयना किया। इस पार्किंग स्पेस में एक साथ करीब 50 दोपहिया वाहन सुरक्षित तरीके से खड़े किए जा सकेंगे। इस व्यवस्था के शुरू होने से बाजार में सड़क पर बेतरतीब खड़े होने वाले वाहनों से लगने वाले जाम से भी काफी हद तक निजात मिलेगी।

निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय ने कहा कि संजय मार्केट शहर का हृदय स्थल है, जहां हर दिन भारी संख्या में लोगों और व्यापारियों की आवाजाही होती है। इस भीड़भाड़ वाले इलाके में एक स्वच्छ और आधुनिक सार्वजनिक वॉशरूम की सख्त जरूरत थी। इसी को ध्यान में रखते हुए यह सर्वसुविधायुक्त टॉयलेट ब्लॉक बनाया गया है। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिए कि वॉशरूम और पार्किंग से जुड़े जो भी छोटे-मोटे काम बचे हैं, उन्हें पूरी गुणवत्ता के साथ समय-सीमा के भीतर जल्द से जल्द पूरा कर लिया जाए ताकि शहरवासियों को इसका तत्काल लाभ मिल सके।

इस खबर को शेयर करें:

8690517c9326392a68531b5faf7668b00e00b86685972a50e34c21832c7c1c6c?s=90&d=mm&r=g

Editorial

News Room

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ से 1988 से निरंतर प्रकाशित दैनिक समाचार पत्र 'केलो प्रवाह' का यह Official Digital News Room है। हमारी संपादकीय टीम देश और छत्तीसगढ़ की प्रमुख खबरों, सीएम की गतिविधियों और शासन की जनहितैषी योजनाओं को प्रमुखता से साझा करती है। किसानों के हित में समर्पित हमारी टीम, 'जल, जंगल और जमीन' से जुड़े संवेदनशील मुद्दों और विभिन्न विभागों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने वाली रिपोर्टिंग के साथ ही सुदूर अंचलों की ज़मीनी हकीकत को सामने लाती है। जनहित से जुड़ी गतिविधियों, खनिज और औद्योगिक क्षेत्रों की 'Exclusive' खबरों को Evidence के साथ प्रमाणिकता से प्रकाशित करना हमारी प्राथमिकता है। राजनीति, प्रशासन, अपराध, स्पोर्ट्स, रोज़गार, खेती-किसानी और धार्मिक विषयों सहित हर क्षेत्र की खबरों को पूरी शुचिता के साथ प्रस्तुत करना ही हमारा संकल्प है।

Share: