छोड़कर सामग्री पर जाएँ

बेसहारा महिला से शराब पिलाकर गैंगरेप, 3 आरोपी गिरफ्तार, सरकारी स्कूल मैदान से पुलिस ने किया रेस्क्यू

gangrape

रायपुर। बिलासपुर की रहने वाली 23 वर्षीय बेसहारा महिला के साथ रायपुर में तीन युवकों ने दरिंदगी करते हुए सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। काम की तलाश में भटक रही पीड़िता को आरोपियों ने सरोना इलाके में शराब पिलाई और फिर खाना खिलाने का झांसा देकर एक सरकारी स्कूल के मैदान में ले जाकर दुष्कर्म किया। रविवार सुबह मैदान में अचेत पड़ी महिला को देखकर स्कूल के चौकीदार ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद गंभीर हालत में उसे रायपुर एम्स में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में शामिल दो बालिगों और एक नाबालिग को गिरफ्तार कर लिया है।

सरोना में मुलाकात के बाद झांसा देकर ले गए स्कूल मैदान

घटना की शुरुआत शनिवार देर रात सरोना स्थित शराब भट्टी के पास से हुई, जहां पीड़िता भटक रही थी। उसी दौरान पीयूष नायक, शिवा बघेल और उनका एक नाबालिग साथी वहां पहुंचे और उससे बातचीत करने लगे। आरोप है कि तीनों युवकों ने खुद शराब पी और महिला को भी शराब पिलाई। नशे की हालत में महिला के साथ ज्यादती की गई और फिर खाना खिलाने के बहाने उसे अपनी बाइक पर बैठा लिया। आरोपी उसे आजाद चौक थाना क्षेत्र स्थित एक सरकारी स्कूल के मैदान में ले गए, जहां दोबारा उसके साथ गैंगरेप किया गया।

सुबह मैदान में अचेत मिली महिला, चौकीदार की सूचना पर पहुंची पुलिस

रविवार सुबह जब स्कूल के चौकीदार ने मैदान में महिला को बेहोश पड़ा देखा, तो तुरंत आजाद चौक थाना पुलिस को मामले की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पीड़िता को तत्काल इलाज के लिए एम्स अस्पताल भिजवाया। डीसीपी रॉबिंसन गुड़िया के अनुसार पुलिस को सूचना मिलने के बाद महिला को तुरंत डॉक्टरी सहायता उपलब्ध कराई गई। नशे और बदहवासी की हालत से उबरने के बाद पीड़िता के बयान दर्ज किए गए और पुलिस ने आरोपियों की धरपकड़ के लिए घेराबंदी शुरू कर दी।

काम की तलाश में भटक रही थी पीड़िता

पीड़िता की पृष्ठभूमि भी बेहद दुखद रही है। बिलासपुर के चकरभाठा क्षेत्र की रहने वाली इस महिला ने तीन साल पहले घर से जाकर महासमुंद जिले के बागबाहरा निवासी एक युवक से प्रेम विवाह किया था। कुछ महीनों पहले पति उसे ओडिशा के कटक में अकेला छोड़कर फरार हो गया। इसके बाद करीब दो महीने पहले वह रायपुर आई और छेरीखेड़ी स्थित एक मैरिज हॉल में मजदूरी करने लगी। हालांकि, वहां काम बंद हो जाने से उसे निकाल दिया गया, जिसके बाद से वह लगातार नए काम की तलाश में शहर में भटक रही थी और इसी दौरान आरोपियों के चंगुल में फंस गई।

दर्ज हुई जीरो एफआईआर, पुलिस कर रही जांच

मामले की कानूनी प्रक्रिया को आगे बढ़ाते हुए आजाद चौक पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर जीरो पर अपराध दर्ज किया। चूंकि घटना का मुख्य स्थल डीडी नगर थाना क्षेत्र से जुड़ा है, इसलिए केस डायरी डीडी नगर पुलिस को हस्तांतरित कर दी गई है। आजाद चौक थाना प्रभारी राजेश सिंह ने बताया कि पीड़िता की शिकायत और पहचान के आधार पर डीडी नगर पुलिस ने आरोपी पीयूष नायक, शिवा बघेल और एक नाबालिग को हिरासत में ले लिया है। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से घटनाक्रम को लेकर गहन पूछताछ कर रही है।

इस खबर को शेयर करें:

8690517c9326392a68531b5faf7668b00e00b86685972a50e34c21832c7c1c6c?s=90&d=mm&r=g

Editorial

News Room

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ से 1988 से निरंतर प्रकाशित दैनिक समाचार पत्र 'केलो प्रवाह' का यह Official Digital News Room है। हमारी संपादकीय टीम देश और छत्तीसगढ़ की प्रमुख खबरों, सीएम की गतिविधियों और शासन की जनहितैषी योजनाओं को प्रमुखता से साझा करती है। किसानों के हित में समर्पित हमारी टीम, 'जल, जंगल और जमीन' से जुड़े संवेदनशील मुद्दों और विभिन्न विभागों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने वाली रिपोर्टिंग के साथ ही सुदूर अंचलों की ज़मीनी हकीकत को सामने लाती है। जनहित से जुड़ी गतिविधियों, खनिज और औद्योगिक क्षेत्रों की 'Exclusive' खबरों को Evidence के साथ प्रमाणिकता से प्रकाशित करना हमारी प्राथमिकता है। राजनीति, प्रशासन, अपराध, स्पोर्ट्स, रोज़गार, खेती-किसानी और धार्मिक विषयों सहित हर क्षेत्र की खबरों को पूरी शुचिता के साथ प्रस्तुत करना ही हमारा संकल्प है।

Share: