- 3 साल पुरानी दोस्ती का खूनी अंत, बेवफाई के शक में प्रेमी बना कातिल!
रायपुर। राजधानी रायपुर के खमतराई थाना क्षेत्र स्थित WRS कॉलोनी तालाब में मंगलवार को मिली युवती की लाश की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। मृतका की पहचान टिकरापारा निवासी नंदनी जैन के रूप में हुई है। पुलिस की शुरुआती जांच में बड़ा खुलासा हुआ है। नंदनी की हत्या किसी और ने नहीं, बल्कि उसके प्रेमी करण तांडी ने की थी। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
पुलिस के मुताबिक, नंदनी और करण की दोस्ती करीब तीन साल पहले इंस्टाग्राम पर हुई थी। धीरे-धीरे यह दोस्ती प्यार में बदल गई। दोनों लगातार संपर्क में थे, लेकिन बीते कुछ दिनों से उनके रिश्ते में खटास आ गई थी। आरोपी करण को अपनी प्रेमिका पर बेवफाई का शक था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर झगड़ा होता रहता था। घटना वाले दिन भी विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने आपा खो दिया।
आरोपी ने नंदनी के मुंह में कपड़ा ठूंसा और गले में फंदा लगाकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद साक्ष्य छुपाने की नीयत से शव को तालाब में फेंक दिया। फिलहाल पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

























