- मौके पर पहुंची पुलिस राहत कार्य के बाद अब मामले की विस्तृत जांच में जुटी
रायगढ़, 02 मई। रायगढ़ जिले के खरसिया–धरमजयगढ़ मुख्य मार्ग पर आज शनिवार की शाम एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें एक तेज रफ्तार ट्रेलर और स्कॉर्पियो के बीच सीधी भिड़ंत हो गई। इस दुर्घटना में स्कॉर्पियो सवार सात लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मिली जानकारी के मुताबिक, खरसिया थाना क्षेत्र के ग्राम देहजरी के पास आज शनिवार की शाम को यह हादसा तब हुआ जब ट्रेलर और स्कॉर्पियो के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई।
बताया जा रहा है कि स्कॉर्पियो में सवार सभी लोग कोईलार, खडगांव से एक शादी कार्यक्रम में शामिल होने लोढ़ाझर आए थे और वहां से वापस लौट रहे थे, तभी देहजरी के पास वे इस हादसे का शिकार हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो के सामने का हिस्सा बुरी तरह पिचक गया। इस हादसे में वाहन में सवार सात लोगों को गंभीर चोटें आई हैं, जिनमें हाथ-पैर में फ्रैक्चर और अंदरूनी चोटों की बात कही जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही खरसिया पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को वाहन से बाहर निकाला और सिविल अस्पताल खरसिया भिजवाया, जहां फिलहाल सभी का इलाज किया जा रहा है। पुलिस ने दोनों वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात बहाल कराया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।































You must be logged in to post a comment.