रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून की रफ्तार तेज हो गई है और बादलों का कहर जारी है। राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में बुधवार रात से लगातार तेज बारिश हो रही है, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। मौसम विभाग ने गुरुवार को एक बार फिर अलर्ट जारी करते हुए मध्य और उत्तरी छत्तीसगढ़ में भारी बारिश की चेतावनी दी है। विभाग ने 17 जिलों में ऑरेंज अलर्ट और 11 जिलों में यलो अलर्ट घोषित किया है।
इन जिलों में जारी हुआ अलर्ट
ऑरेंज अलर्ट वाले जिले:
कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, बिलासपुर, कोरबा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम और मुंगेली।
इन जिलों में गरज-चमक के साथ मध्यम से भारी बारिश और 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। बिजली गिरने की भी चेतावनी दी गई है।
यलो अलर्ट वाले जिले:
सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, रायगढ़, जशपुर, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर।
यहां हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाओं का पूर्वानुमान जताया गया है।
बिलासपुर में बारिश बनी मुसीबत
बिलासपुर में बुधवार रात तेज बारिश ने कई इलाकों को डुबो दिया। परिजात कॉलोनी और नेहरू नगर के घरों में पानी भर गया, जिससे फर्नीचर और घरेलू सामान खराब हो गया। लोग रातभर नींद छोड़कर पानी निकालते रहे। इस बीच बिजली गुल हो गई, जिससे आधे शहर में ब्लैकआउट जैसी स्थिति बन गई और पीने के पानी की किल्लत भी सामने आई।
बारिश के आंकड़े
मौसम विभाग के अनुसार जुलाई महीने के अब तक 23 दिनों में छत्तीसगढ़ में औसतन 300 मिमी बारिश दर्ज की जा चुकी है। इसमें से 198.2 मिमी बारिश 1 से 11 जुलाई के बीच हुई थी। पिछले 24 घंटे में औसतन 12.1 मिमी बारिश रिकार्ड की गई। तापमान की बात करें तो बिलासपुर 34.2 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म रहा, जबकि दुर्ग में न्यूनतम तापमान 21.6 डिग्री दर्ज किया गया।
बारिश बनी जानलेवा
बारिश के चलते दुर्घटनाएं भी सामने आ रही हैं। सरगुजा जिले में आकाशीय बिजली गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई है। वहीं दुर्ग के जमराव एनीकट में दो नाबालिग बच्चे बह गए, जिनमें से एक का शव बरामद कर लिया गया है और दूसरे की तलाश जारी है। रायपुर के DEO कार्यालय परिसर में भी पानी भर गया, जिससे कर्मचारियों और आगंतुकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। रायगढ़ में दोपहर बाद गरज-चमक के साथ जोरदार बारिश हुई।
प्रशासन की अपील
मौसम विभाग और जिला प्रशासन ने लोगों से अलर्ट का गंभीरता से पालन करने और बारिश के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है। खासकर निचले इलाकों में रहने वालों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। आपदा प्रबंधन दलों को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत मदद पहुंचाई जा सके।
नोट: छत्तीसगढ़ में अगले 24 से 48 घंटे तक मौसम बिगड़े रहने की संभावना है। जरूरी न हो तो घर से बाहर न निकलें।

























