छोड़कर सामग्री पर जाएँ

द प्राइड ऑफ भारत: छत्रपति शिवाजी महाराज के दमदार पोस्टर ने मचाया धमाल, ये सुपरस्टार निभा रहा शिवाजी का किरदार

images28229

छत्रपति शिवाजी महाराज की 395वीं जयंती के शुभ अवसर पर पूरे देश में श्रद्धा और उत्साह का माहौल है। इस खास मौके पर ‘द प्राइड ऑफ भारत: छत्रपति शिवाजी महाराज’ फिल्म के निर्माताओं ने फिल्म का पोस्टर जारी किया, जो इस महान योद्धा की शक्ति, भक्ति और वीरता का प्रतीक है। इस बहुप्रतीक्षित फिल्म में ‘कांतारा’ फेम अभिनेता ऋषभ शेट्टी छत्रपति शिवाजी महाराज की भूमिका निभाते नजर आएंगे। यह फिल्म 21 जनवरी 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। छत्रपति शिवाजी महाराज न केवल एक कुशल योद्धा थे, बल्कि दूरदर्शी नेतृत्वकर्ता भी थे। उन्होंने अपने जीवन में धर्म और स्वराज्य के मार्ग से कभी समझौता नहीं किया। उनकी रणनीतिक सोच, अदम्य साहस और राष्ट्र के प्रति समर्पण ने उन्हें भारतीय इतिहास का सबसे गौरवशाली शासक बना दिया। उनकी इसी महानता को दर्शाने के लिए ‘द प्राइड ऑफ भारत’ का निर्माण किया गया है। फिल्म में छत्रपति शिवाजी महाराज की भूमिका निभाने जा रहे ऋषभ शेट्टी इस अवसर पर गदगद नजर आए।

उन्होंने कहा, “छत्रपति शिवाजी महाराज की पावन जयंती पर मेरा हृदय सम्मान और जिम्मेदारी से भर जाता है। वह केवल एक योद्धा नहीं थे, बल्कि स्वराज्य की आत्मा थे – साहस, ज्ञान और भक्ति के प्रतीक। स्क्रीन पर उनकी भावना को सजीव करना मेरे लिए एक दिव्य आह्वान है। मुझे उम्मीद है कि मैं उनकी अद्वितीय विरासत के साथ न्याय कर सकूंगा और हर भारतीय को उनकी अमर वीरता का एहसास करा सकूंगा।” फिल्म के निर्देशक संदीप सिंह ने इस प्रोजेक्ट को शिवाजी महाराज को समर्पित एक सिनेमाई श्रद्धांजलि बताया। उन्होंने कहा, “छत्रपति शिवाजी महाराज की जयंती हमारे लिए अत्यंत गर्व का क्षण है। यह फिल्म उनकी अदम्य भावना और भारत की नियति को नया आकार देने वाले योद्धा के प्रति हमारी हार्दिक श्रद्धांजलि है। हमारा लक्ष्य उनकी यात्रा को यथासंभव भव्य तरीके से प्रस्तुत करना है, ताकि उनकी विरासत हमेशा लाखों लोगों के दिलों को रोशन करती रहे।”

एक ऐतिहासिक फिल्म की ओर बढ़ते कदम

‘द प्राइड ऑफ भारत: छत्रपति शिवाजी महाराज’ न केवल एक फिल्म होगी, बल्कि यह भारत के महानतम शासकों में से एक की प्रेरणादायक यात्रा का भव्य चित्रण भी होगी। फिल्म के पोस्टर ने पहले ही दर्शकों में उत्सुकता जगा दी है, और 2027 में इसकी रिलीज भारतीय सिनेमा के लिए एक ऐतिहासिक क्षण साबित हो सकती है। शिवाजी महाराज की अमर गाथा को बड़े पर्दे पर जीवंत देखने के लिए पूरा देश उत्सुक है।

images283296302451476249039723

इस खबर को शेयर करें:

e9073382a8eba25524e580ff55b8f56ea0340bb7ac24cfbd0a28106f19b38d44?s=90&d=mm&r=g

विकास पाण्डेय

एडिटर - वेब एवं डिजिटल

विकास पाण्डेय अक्टूबर 2021 से 'केलो प्रवाह' के साथ जुड़े हैं और डिजिटल विंग के संचालन एवं संपादन की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। रायगढ़ और छत्तीसगढ़ के प्रमुख घटनाक्रम, जनहित के मुद्दों और स्थानीय सरोकारों पर रिपोर्टिंग करते हैं। उन्होंने RIG24 मीडिया नेटवर्क से पत्रकारिता की शुरुआत की और इसी दौरान BJMC की डिग्री हासिल की।

Share: