- पूर्व में कंपनी के दफ्तर के सामने हो चुकी है फायरिंग, आयकर विभाग पहले भी कर चुका है कार्रवाई
रायगढ़, 2 फरवरी। आयकर विभाग ने रायगढ़ और रायपुर से जुड़ी कंस्ट्रक्शन कंपनी पीआरए ग्रुप पर कार्रवाई की है। मुख्य आयकर आयुक्त कार्यालय की टीम ने पीआरए ग्रुप में आयकर सर्वे किया जिसमें करीब 37 करोड़ रुपए की कर चोरी पकड़ी है। कुछ महीने पहले इसी कंपनी के बाहर फायरिंग हुई थी। गुरुवार को आयकर विभाग की टीमें पीआरए ग्रुप के ठिकानों पर पहुंची। इस कंपनी के डायरेक्टर रमेश अग्रवाल, कन्हैया लाल अग्रवाल, ध्रुव कुमार अग्रवाल और राजेश कुमार अग्रवाल हैं। यह कंपनी प्रहलाद राय अग्रवाल और बजरंग लाल अग्रवाल ने खड़ी की थी। मुख्य आयकर आयुक्त अपर्णा करण, प्रधान आयकर आयुक्त प्रदीप कुमार हेडाऊ तथा संयुक्त आयकर आयुक्त वीरेंद्र कुमार के निर्देश पर सर्वे हुआ। टीम का नेतृत्व आयकर उपायुक्त राहुल मिश्रा कर रहे थे। पीआरए ग्रुप सड़क निर्माण, भवन निर्माण, पुल के साथ ही रेलवे का काम भी लेता है।
ग्रुप की कई परियोजनाएं छत्तीसगढ़ के साथ ही झारखंड तथा राजस्थान में भी चल रही हैं। गुरुवार दोपहर रिंग रोड स्थित पीआरए ग्रुप के मुख्य दफ्तर में शुरू की गई कार्रवाई दो दिन तक चलती रही। कार्यालय में मिले दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस की प्रारंभिक जांच में बोगस खर्च दिखाकर मुनाफा कम दिखाने के प्रमाण मिले हैं। टीम ने दस्तावेज के साथ हार्डडिस्क, मोबाइल, लैपटॉप का बैकअप लिया है। संचालकों का बयान भी दर्ज किया गया है। पीआरए ग्रुप के मालिक प्रहलाद राय अग्रवाल और बजरंग लाल अग्रवाल शहर के प्रमुख ठेकेदार हैं। कहा जा रहा है कि 37 करोड़ की कर चोरी पकड़ी गई है। हाल ही में कंपनी के डायरेक्टर की कार पर गोली चलाई गई थी।
पूर्व में 57 करोड़ किए थे सरेंडर
2016 में भी पीआरए ग्रुप पर छापेमारी की गई थी। तब पीआरए समूह ने 57 करोड़ रुपए सरेंडर किए थे। जांच में प्रहलाद राय अग्रवाल के दफ्तर से एक डायरी बरामद हुई थी, जिसमें एक दर्जन से ज्यादा अफसरों को रिश्वत देने का खुलासा हुआ था। अफसरों के नाम का वेरीफिकेशन कराया जा रहा है। डायरी में जिन अफसरों के नाम मिले थे, उनका केस एसीबी को भेजा गया था। डायरी में अंबिकापुर में पदस्थ सुप्रीटेंडेंट इंजीनियर एमएस कुरैशी का भी नाम था जिन्होंने रिश्वत लेने की बात स्वीकार की थी।

























