- पटेलपाली के एक स्कूल की अजब-गजब कहानी, आसपास घनी आबादी होने के बावजूद बच्चे नहीं लेते एडमिशन
रायगढ़, 6 अगस्त। अगर मर्ज अलग हो और दवा किसी और मर्ज की दी जाए तो क्या होगा? जाहिर सी बात है कि बीमारी ठीक नहीं होगी। ठीक इसी तरह का हाल स्कूल शिक्षा का भी है। प्रायमरी स्कूल हर बच्चे की नींव होते हैं। लेकिन जब प्रायमरी स्कूल ही अपना अस्तित्व बचाने के लिए संघर्ष कर रहे हों तो फिर बच्चों से उज्जवल भविष्य की उम्मीद करना व्यर्थ है। इसका जीता-जागता उदाहरण पटेलपाली का प्रायमरी स्कूल है। यहां पहली से पांचवीं तक केवल 13 बच्चे हैं। बच्चों की संख्या कम होने के पीछे कारण आसपास प्राईवेट स्कूलों का होना है।
सरकारी स्कूलों में कितना भी शिक्षा गुणवत्ता वर्ष मना लें, रंगरोगन से स्कूलों को चमका दें, डीएमएफ से करोड़ों फूंक डालें, कुछ भी हासिल नहीं होने वाला। क्योंकि हमारी शिक्षा का स्तर नहीं सुधर रहा।
इसका सीधा असर हमारे सरकारी स्कूलों पर हो रहा है। हर पालक अपने बच्चों को सरकारी स्कूलों से निकालकर प्राइवेट स्कूलों में भर्ती कराना चाहते हैं। सरकारी प्राथमिक शालाओं में असली परेशानी क्या है, इसका पता लगाने में किसी की रुचि नहीं है। सिलेबस ऐसा है जो कई सालों से ढोया जा रहा है। यह समस्या बेहद तेजी से बढ़ रही है। एक प्रायमरी स्कूल के उदाहरण से इसे समझते हैं। पटेलपाली के भुजबंधान पारा में प्रायमरी स्कूल स्थित है। इस स्कूल में कक्षा पहली में 2, दूसरी में शून्य, तीसरी में 3, चौथी व पांचवीं में 4-4 बच्चे पढ़ रहे हैं। इस स्कूल में एक हेडमास्टर आरके पटेल, दो शिक्षिकाएं वर्षा पटेल और हर्षिका पटेल हैं। इसमें वर्षा पटेल मेडिकल लीव पर हैं।
स्कूल जतन योजना के तहत स्कूल का रंगरोगन कर चमकाया गया है। तीन कमरों वाले स्कूल में पीछे की ओर एक शेड निकाला गया है। स्कूल के आसपास घनी आबादी है। इसके बावजूद केवल 13 ही बच्चे हैं। इसकी वजह पूछी गई तो पता चला कि पीछे तरकेला में जवाहर पब्लिक स्कूल, पटेलपाली में वैदिक स्कूल और पायोनियर स्कूल मौजूद हैं। ज्यादातर बच्चे इन स्कूलों की ओर रुख करते हैं। मतलब प्रायमरी स्कूल को बेहतर होना है तो इन तीनों प्राइवेट स्कूलों से स्पर्धा करनी होगी।

परिसर के अंदर बनाया सोख्ता गड्ढा
इधर रायगढ़ शहर में डेंगू और मलेरिया को लेकर चीख-पुकार मची हुई है। इससे बेखबर पटेलपाली स्कूल के बच्चे जमीन पर बैठकर पढ़ाई कर रहे हैं। स्कूल परिसर में ही एक टॉयलेट और दो ओपन बाथरूम हैं। वहीं अंदर में ही सोख्ता गड्ढा बनाया गया है। अंदर में नल कनेक्शन लगा है जो हमेशा बहता रहता है। जल जमाव का कोई उपाय नहीं किया गया है।

केवल अति गरीब ही आ रहा है सरकारी स्कूल
स्कूल शिक्षा में हालात भयावह होते जा रहे हैं। बच्चों की संख्या कम होते जाने के कारण हर साल कुछ स्कूल बंद हो रहे हैं। इस पर किसी का ध्यान ही नहीं है। पिछले कुछ सालों में कहीं नए स्कूल नहीं खुले। लेकिन बंद होने वालों की संख्या बहुत है। दरअसल अच्छी शिक्षा दिलाने के लिए पालक अपने बच्चों को निजी स्कूलों में दाखिला करवा रहे हैं। सरकारी स्कूल अब केवल अति गरीब बच्चों के लिए ही रह गया है जो प्राइवेट स्कूलों की फीस नहीं भर पा रहे हैं। यही वजह है कि प्राइवेट स्कूल बढ़ रहे हैं और सरकारी स्कूल कम हो रहे हैं।



























You must be logged in to post a comment.