छोड़कर सामग्री पर जाएँ

पीआरए ग्रुप, रायगढ़ इस्पात, बर्बरीक प्रोजेक्ट समेत कई ट्रेडर्स के ठिकानों पर आईटी की रेड, लेन-देन और टैक्स चोरी के प्रमाण जुटा रही टीमें

file 00000000ba0c82469c67e66f0b040376

रायगढ़ (केलो प्रवाह)। लंबे समय से आयकर विभाग की कार्रवाई से रायगढ़ बचा हुआ था। बुधवार सुबह से आयकर विभाग की टीमों ने पांच कारोबारियों के ठिकानों पर छापा मारा। कुछ ही समय में पूरे शहर में हलचल मच गई। पीआरए ग्रुप के बर्बरिक प्रोजेक्ट और रायगढ़ इस्पात इस कार्रवाई के केंद्र में है। इसके अलावा कृष्णा कॉम्पलेक्स, कालिंदी कुंज में भी छापा पड़ा है। बुधवार सुबह करीब 5 बजे आयकर अधिकारियों की करीब दस टीमों ने रायगढ़ में एक साथ दर्जन भर ठिकानों पर धावा बोल दिया। पीआरए ग्रुप के सूरजपुर, रायपुर, जांजगीर-चांपा समेत रायगढ़ के ठिकानों पर कार्रवाई शुरू हुई। इस ग्रुप की ही एक फर्म बर्बरिक प्रोजेक्ट भी है। बर्बरिक हाउस पर आयकर विभाग ने लंबी पड़ताल की है। इसके बाद आयकर विभाग ने रायगढ़ इस्पात की ओर रुख किया।

इस कंपनी में पीआरए ग्रुप के ध्रुव अग्रवाल भी पार्टनर हैं। पीआरए ग्रुप में रमेश अग्रवाल, कन्हैयालाल अग्रवाल, ध्रुव कुमार अग्रवाल और राजेश कुमार अग्रवाल डायरेक्टर हैं। बर्बरिक हाउस समेत रायगढ़ के 4 ठिकानों पर दस्तावेजों की खोजबीन चल रही है। मप्र और छत्तीसगढ़ के आयकर अधिकारियों की टीम इस कार्रवाई में शामिल है। सुबह-सुबह हुई इस कार्रवाई से पूरे शहर में सनसनी फैल गई। सूत्रों के मुताबिक आयकर विभाग की टीमों ने सन स्टील घरघोड़ा में भी दबिश दी है। रायगढ़ शहर में ही चैतन्य नगर, कोतरा रोड आदि क्षेत्र के आधा दर्जन ठिकानों पर कार्रवाई चल रही है। बड़े पैमाने पर कच्चे में लेन-देन के प्रमाण मिले हैं। इसके अलावा आयकर विभाग ने गोपी स्टील, बंटी अग्रवाल सरिया और अतुल मूंदड़ा के ठिकानों पर भी छापेमारी की गई है।

कच्चे में करते थे ट्रेडिंग
पूरी कार्रवाई पीआरए ग्रुप के इर्द-गिर्द ही हुई है। रायगढ़ इस्पात में कमल अग्रवाल के साथ धु्रव अग्रवाल पार्टनर हैं। बाकी के तीनों ट्रेडर्स के तार भी इसी बिजनेस ग्रुप से जुड़े बताए जा रहे हैं। प्रोडक्ट को कच्चे में लेकर ट्रेडिंग करते थे। बंटी अग्रवाल के कालिंदी कुंज स्थित मकान राधे विला और मीरा कुंज में छापा पड़ा। अतुल मूंदड़ा के कृष्णा कॉम्पलेक्स स्थित दफ्तर में आयकर विभाग ने कार्रवाई की है। इसी तरह स्टील के बड़े डीलर गोपी स्टील के संचालक अंकित अग्रवाल के ठिकानों पर भी छापा मारा गया। इनकी एक राईस मिल गोपी ट्रेडर्स कोंड़ातराई में है।

ऐसे होता है काम
रायगढ़ में ट्रेडिंग करने वाले कारोबारी कच्चे में स्टील प्रोडक्ट खरीदते हैं। करीब 3000 रुपए प्रति टन कम कीमत पर प्लांट से उनको बल्क में सरिया और दूसरे स्टील प्रोडक्ट मिल जाते हैं। निर्माण कार्य में लगे बड़े ठेकेदार कच्चे में ही सामग्री खरीदते हैं। प्लांट से इसके बिलों को दूसरी फर्मों को बेच दिया जाता है। बिल बेचकर भी कमाई होती है। इसके बाद कहीं और से सात प्रश में बिल खरीदकर एकाउंट सेटल कर लिया जाता है। बिना कुछ किए 11 प्रश जीएसटी का फायदा हो जाता है। रायपुर के खम्हारडीह स्थित बनियान ट्री सोसायटी में कारोबारी प्रहलाद राय अग्रवाल और महेश राय अग्रवाल के घरों पर आयकर टीम जांच कर रही है।

पीआरए और बर्बरीक एक ही हैं
पीआरए ग्रुप के संचालक रमेश अग्रवाल के सूरजपुर स्थित मूल निवास और अंबिकापुर के मनेंद्रगढ़ रोड स्थित आवास पर भी आयकर विभाग ने छापा मारा है। पुलिस बल की मौजूदगी में जांच चल रही है। बर्बरिक प्रोजेक्ट भी पीआरए ग्रुप की ही फर्म है। रायगढ़ इस्पात भी इससे जुड़ा हुआ है। कोतरा रोड क्षेत्र स्थित बर्बरिक हाउस, कालिंदी कुंज समेत अन्य ठिकानों पर छापेमारी जारी है। आयकर विभाग की टीमें फर्मों के दस्तावेजों, कारोबारी गतिविधियों और वित्तीय लेन-देन से जुड़े रिकॉर्ड की जांच कर रही हैं।

कबाडिय़ों में मची खलबली, किससे जुड़े तार
सूत्रों के मुताबिक बुधवार आयकर विभाग की छापेमारी से कबाडिय़ों में हडक़ंप मच गया है। दो बड़े कबाड़ व्यापारियों के तार कुछ प्लांटों से जुड़े हैं। स्क्रैप खपाने वाले ये कबाड़ी छापेमारी की सूचना मिलते ही गायब हो चुके हैं। इनको डर है कि कहीं जांच के रडार में वे न आ जाएं।

इस खबर को शेयर करें:

8690517c9326392a68531b5faf7668b00e00b86685972a50e34c21832c7c1c6c?s=90&d=mm&r=g

Editorial

News Room

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ से 1988 से निरंतर प्रकाशित दैनिक समाचार पत्र 'केलो प्रवाह' का यह Official Digital News Room है। हमारी संपादकीय टीम देश और छत्तीसगढ़ की प्रमुख खबरों, सीएम की गतिविधियों और शासन की जनहितैषी योजनाओं को प्रमुखता से साझा करती है। किसानों के हित में समर्पित हमारी टीम, 'जल, जंगल और जमीन' से जुड़े संवेदनशील मुद्दों और विभिन्न विभागों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने वाली रिपोर्टिंग के साथ ही सुदूर अंचलों की ज़मीनी हकीकत को सामने लाती है। जनहित से जुड़ी गतिविधियों, खनिज और औद्योगिक क्षेत्रों की 'Exclusive' खबरों को Evidence के साथ प्रमाणिकता से प्रकाशित करना हमारी प्राथमिकता है। राजनीति, प्रशासन, अपराध, स्पोर्ट्स, रोज़गार, खेती-किसानी और धार्मिक विषयों सहित हर क्षेत्र की खबरों को पूरी शुचिता के साथ प्रस्तुत करना ही हमारा संकल्प है।

Share: