छोड़कर सामग्री पर जाएँ

16 दिन पहले मंडप में ठुकराया दूल्हा, अब उसी के साथ मंदिर में लिए सात फेरे! मुस्कान–संत की शादी ने फिर बटोरी सुर्खियां

मुस्कान–संत की शादी ने फिर बटोरी सुर्खियां

जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में 23 जून को सुर्खियों में आई शादी ने अब नया मोड़ ले लिया है। जिस दुल्हन मुस्कान ने दूल्हे संत कुमार के कथित रूप से नशे में होने के कारण मंडप में शादी से इनकार कर दिया था, उसी मुस्कान ने 16 दिन बाद संत कुमार से विवाह कर लिया है। दोनों ने मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज से सात फेरे लिए।

यह घटना 23 जून को चांपा थाना क्षेत्र के कोसमंदा गांव में हुई थी, जब दुल्हन मुस्कान ने कथित तौर पर नशे में धुत दूल्हे से शादी करने से मना कर दिया था। इस फैसले ने पूरे प्रदेश में सुर्खियां बटोरी थीं। जांजगीर-चांपा के पुलिस अधीक्षक विजय पांडेय ने मुस्कान के इस कदम की सराहना की थी और उन्हें परिवार परामर्श केंद्र में परामर्शदात्री सदस्य की जिम्मेदारी भी सौंपी थी।

गुरुवार को मुस्कान परिवार परामर्श केंद्र में अपनी ड्यूटी पर थी। दोपहर करीब दो बजे वह केंद्र से निकली और घर जाने के बजाय सीधे संत कुमार के गांव खोखरा पहुंच गई। वहां मनका दाई मंदिर में संत कुमार और उनके परिजनों की उपस्थिति में दोनों ने विवाह संपन्न किया। बताया जा रहा है कि लड़के के परिवार को इस शादी की जानकारी पहले से थी, जबकि लड़की के परिजनों को इसकी सूचना बाद में मिली।

मुस्कान और संत कुमार ने बताया कि 23 जून को शादी टूटने के बाद भी वे लगातार फोन पर संपर्क में थे। दोनों का कहना है कि शादी वाले दिन जो कुछ हुआ, वह एक साजिश का हिस्सा था। संपर्क में रहने के दौरान उनकी गलतफहमियां दूर हुईं, जिसके बाद उन्होंने एक साथ नई जिंदगी शुरू करने का फैसला किया।

कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाने का आरोप
संत कुमार के अनुसार, वे शराब नहीं पीते हैं। शादी के दिन उनके कोल्ड ड्रिंक में कोई नशीला पदार्थ मिला दिया गया था, जिससे लोगों को लगा कि वह नशे में हैं। बाद में दोनों के बीच बातचीत हुई। संत कुमार ने मुस्कान से माफी मांगी और दोनों के बीच की गलतफहमियां दूर हो गईं। इसके बाद दोनों ने साथ जीवन बिताने का फैसला किया। आज मनका दाई मंदिर में दोनों ने शादी कर ली है।

परिवार परामर्श केंद्र से निकली मुस्कान ने संत से की शादी
सीएसपी योगिता बाली खापर्डे ने बताया कि मुस्कान परिवार परामर्श केंद्र गई थी। दोपहर बाद वह वहां से निकल गई, लेकिन घर नहीं पहुंची। शाम तक उसका मोबाइल बंद आने पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस और साइबर टीम ने उनकी तलाश शुरू की। जांच के दौरान पता चला कि मुस्कान खोखरा गांव में संत कुमार के घर पर है। सूचना मिलने पर चांपा सीएसपी योगिता खापर्डे पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंची और दोनों से बातचीत कर पूरे मामले की जानकारी ली।

पुलिस के मुताबिक, मुस्कान ने अपनी इच्छा से संत कुमार के साथ रहने और शादी करने की बात कही। मुस्कान और संत कुमार ने बताया कि शादी टूटने के बाद भी दोनों एक-दूसरे के संपर्क में थे। संत कुमार ने मुस्कान से माफी मांगी और आगे शराब नहीं पीने का वादा किया। दोनों का कहना है कि शादी वाले दिन जो विवाद हुआ था, उसके पीछे साजिश थी। इसके बाद दोनों ने खोखरा स्थित मनका दाई मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज से शादी कर ली। कुछ दिन पहले चर्चा में रही यह शादी अब एक बार फिर जांजगीर-चांपा जिले में सुर्खियों में है।

इस खबर को शेयर करें:

8690517c9326392a68531b5faf7668b00e00b86685972a50e34c21832c7c1c6c?s=90&d=mm&r=g

Editorial

News Room

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ से 1988 से निरंतर प्रकाशित दैनिक समाचार पत्र 'केलो प्रवाह' का यह Official Digital News Room है। हमारी संपादकीय टीम देश और छत्तीसगढ़ की प्रमुख खबरों, सीएम की गतिविधियों और शासन की जनहितैषी योजनाओं को प्रमुखता से साझा करती है। किसानों के हित में समर्पित हमारी टीम, 'जल, जंगल और जमीन' से जुड़े संवेदनशील मुद्दों और विभिन्न विभागों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने वाली रिपोर्टिंग के साथ ही सुदूर अंचलों की ज़मीनी हकीकत को सामने लाती है। जनहित से जुड़ी गतिविधियों, खनिज और औद्योगिक क्षेत्रों की 'Exclusive' खबरों को Evidence के साथ प्रमाणिकता से प्रकाशित करना हमारी प्राथमिकता है। राजनीति, प्रशासन, अपराध, स्पोर्ट्स, रोज़गार, खेती-किसानी और धार्मिक विषयों सहित हर क्षेत्र की खबरों को पूरी शुचिता के साथ प्रस्तुत करना ही हमारा संकल्प है।

Share: