छोड़कर सामग्री पर जाएँ

एकतरफा प्यार का खौफनाक अंत : नंबर ब्लॉक करने से भड़के सिरफिरे ने फार्मेसी छात्रा की गला दबाकर और चाकू से 10 वार कर की हत्या

एकतरफा प्यार का खौफनाक अंत

दुर्ग-भिलाई। छत्तीसगढ़ के भिलाई में 19 साल की फार्मेसी छात्रा की एक तरफा प्यार में युवक ने हत्या कर दी। पहले उसका गला दबाया, फिर चाकू से पीठ, हाथ और पेट पर 10 वार किए। जिससे युवती की जान चली गई। आरोपी पिंटू पिछले करीब एक महीने से उसे अलग-अलग नंबरों से कॉल कर परेशान कर रहा था। खुशी ने उसका नंबर ब्लॉक कर दिया था। इसी बात से नाराज होकर आरोपी रायपुर से भिलाई पहुंचा और किराए के कमरे में घुसकर उसे मार डाला। पुलिस ने आरोपी पिंटू साहू को रायपुर से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने रामनगर स्थित घटनास्थल पर सीन रिक्रिएट भी कराया। पुलिस आज इस मामले का खुलासा करेगी। घटना वैशाली नगर थाना क्षेत्र की है।

जानकारी के मुताबिक, मूलत: बलौदाबाजार निवासी पिंटू साहू ने शुक्रवार सुबह बेमेतरा निवासी खुशी साहू को दो बार कॉल किया था। खुशी ने उसका नंबर पहले ही ब्लॉक कर रखा था, इसलिए बात नहीं हो सकी। इसके बाद आरोपी ने खुशी की सहेली को फोन किया। सहेली ने पिंटू को बताया कि खुशी के पास मोबाइल नहीं है। इसके बाद आरोपी बाइक से सीधे खुशी के रामनगर स्थित किराए के कमरे पर पहुंच गया। उस समय खुशी की सहेली बाथरूम में नहाने गई थी। कमरे में खुशी अकेली थी।

पहले गला दबाया, फिर चाकू से किए 10 वार
पुलिस जांच में सामने आया है कि, कमरे में पहुंचने के बाद आरोपी ने खुशी से विवाद किया। उसने खुशी का गला दबा दिया। गला दबाने से खुशी बेसुध हो गई। इसके बाद आरोपी ने चाकू से उसके पीठ, हाथ और पेट पर करीब 10 वार किए। गंभीर चोट और ज्यादा खून बहने से खुशी की मौत हो गई। वारदात के दौरान आरोपी पिंटू के हाथ में भी गंभीर चोट आई। हत्या के बाद वह कमरे से निकलकर फरार हो गया और रायपुर की ओर चला गया।

भाई को बताया था एक युवक कर रहा है परेशान
खुशी की सहेली जब बाथरूम से बाहर आई तो उसने खुशी को कमरे में खून से लथपथ पड़ा देखा। उसने तुरंत मकान मालिक और पास के कैफे संचालक को इसकी जानकारी दी। इसके बाद डायल 112 को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और खुशी को अस्पताल लेकर गई। यहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस जांच में पता चला है कि खुशी ने करीब एक सप्ताह पहले अपने भाई को पिंटू के बारे में बताया था कि एक युवक लगातार अलग-अलग नंबरों से फोन कर उसे परेशान कर रहा है। आरोपी ने दो दिन पहले खुशी के भाई को भी धमकी दी थी। इसके अलावा उसने उस कैफे संचालक को भी धमकाया था, जहां खुशी पार्ट टाइम नौकरी करती थी। पिंटू चाहता था कि खुशी नौकरी छोड़ दे और उससे शादी करे।

ऑनलाइन मंगवाया था हत्या में इस्तेमाल चाकू
खुशी निजी कॉलेज से फार्मेसी की पढ़ाई कर रही थी। इसके साथ ही वह बेमेतरा में बीए की परीक्षा भी दे रही थी। गुरुवार को ही उसका भाई उसे भिलाई छोड़कर गया था। अगले दिन शुक्रवार को उसकी हत्या कर दी गई।

पुलिस के मुताबिक आरोपी ने वारदात में इस्तेमाल चाकू ऑनलाइन मंगवाया था। हत्या के बाद वह रायपुर भाग गया था। पुलिस ने उसकी तलाश कर रायपुर से गिरफ्तार कर लिया। शनिवार को उसे घटना स्थल पर लाकर सीन रिक्रिएट कराया गया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगा रही है कि उसने हत्या की प्लानिंग कब और कैसे की थी।

इस खबर को शेयर करें:

8690517c9326392a68531b5faf7668b00e00b86685972a50e34c21832c7c1c6c?s=90&d=mm&r=g

Editorial

News Room

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ से 1988 से निरंतर प्रकाशित दैनिक समाचार पत्र 'केलो प्रवाह' का यह Official Digital News Room है। हमारी संपादकीय टीम देश और छत्तीसगढ़ की प्रमुख खबरों, सीएम की गतिविधियों और शासन की जनहितैषी योजनाओं को प्रमुखता से साझा करती है। किसानों के हित में समर्पित हमारी टीम, 'जल, जंगल और जमीन' से जुड़े संवेदनशील मुद्दों और विभिन्न विभागों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने वाली रिपोर्टिंग के साथ ही सुदूर अंचलों की ज़मीनी हकीकत को सामने लाती है। जनहित से जुड़ी गतिविधियों, खनिज और औद्योगिक क्षेत्रों की 'Exclusive' खबरों को Evidence के साथ प्रमाणिकता से प्रकाशित करना हमारी प्राथमिकता है। राजनीति, प्रशासन, अपराध, स्पोर्ट्स, रोज़गार, खेती-किसानी और धार्मिक विषयों सहित हर क्षेत्र की खबरों को पूरी शुचिता के साथ प्रस्तुत करना ही हमारा संकल्प है।

Share: