राजनांदगांव। शारदीय नवरात्रि के अवसर पर डोंगरगढ़ स्थित माँ बम्लेश्वरी मंदिर में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा और यातायात व्यवस्था लागू की है। पुलिस महानिरीक्षक अजय यादव के मार्गदर्शन और पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन में जिलेभर में 1,100 से अधिक पुलिस अधिकारी और जवान तैनात किए जा रहे हैं। इनमें 30 राजपत्रित अधिकारी और 50 निरीक्षक स्तर के अधिकारी शामिल हैं, जो सुरक्षा व्यवस्था की सीधे निगरानी करेंगे।
मंदिर परिसर और संवेदनशील स्थानों पर क्राइम टीम रखेगी नजर
सुरक्षा योजना के तहत माँ बम्लेश्वरी के ऊपर मंदिर, नीचे मंदिर, मेला क्षेत्र, दर्शन मार्ग, रेलवे स्टेशन और प्रमुख प्रवेश मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। श्रद्धालुओं की कतारों को व्यवस्थित रखने, सुगम आवागमन सुनिश्चित करने और किसी भी आपात परिस्थिति से निपटने के लिए अलग-अलग टीमें सक्रिय रहेंगी।
भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों और संवेदनशील स्थानों पर असामाजिक तत्वों और संदिग्ध गतिविधियों की रोकथाम के लिए विशेष क्राइम टीम को जिम्मेदारी दी गई है। इसके साथ ही डोंगरगढ़ के प्रत्येक वाहन पार्किंग स्थल पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, ताकि वाहनों की सुरक्षा बनी रहे और निगरानी रखी जा सके।
पदयात्रियों के लिए 20 हजार रेडियम स्टिकर और यातायात प्रबंधन
नवरात्रि के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु रात के समय पैदल यात्रा कर मंदिर पहुंचते हैं। पदयात्रियों की सड़क दुर्घटनाओं से सुरक्षा के लिए पुलिस 20,000 रेडियम स्टिकर वितरित करेगी। इस पहल से अंधेरे में चलने वाले पदयात्रियों की दृश्यता बढ़ेगी और वाहन चालकों को सावधानी बरतने में आसानी होगी।
डोंगरगढ़ पहुंचने वाले प्रमुख मार्गों—अंजोरा बायपास से डोंगरगढ़, तुमड़ीबोड़ से डोंगरगढ़ और चिचोला–बिराटलाब–खैरागढ़ मार्ग पर यातायात का सुचारु संचालन सुनिश्चित करने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है। आवश्यकता पड़ने पर इन मार्गों पर रूट डायवर्जन भी लागू किया जाएगा।
कंट्रोल रूम स्थापित, श्रद्धालुओं से की गई सतर्कता की अपील
किसी भी आपात स्थिति या सहायता के लिए जिला पुलिस कंट्रोल रूम के अलावा डोंगरगढ़ में शिरपानी डोम, ऊपर मंदिर और नीचे मंदिर परिसर में विशेष पुलिस कंट्रोल रूम बनाए गए हैं। इसके अलावा जिले के अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों—माँ शीतला मंदिर, माँ पायल भैरवी मंदिर और माँ करेला भवानी मंदिर में भी सुरक्षा बल तैनात किया गया है।
पुलिस प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान अनावश्यक आभूषण या बड़ी नकदी साथ न लाएं। भीड़ में बच्चों का विशेष ध्यान रखें और उनकी जेब में नाम व संपर्क नंबर की पर्ची रखें। वाहन केवल निर्धारित पार्किंग में ही खड़े करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मियों या कंट्रोल रूम को दें।
























