- लैलूंगा एसडीएम ने जब्त किया 2200 कट्टा धान, खरसिया, पुसौर और धरमजयगढ़ में भी कार्रवाई
रायगढ़ (केलो प्रवाह)। कलेक्टर ने समितियों में खपाने के उद्देश्य से गोदामों में जमा किए धान पर कार्रवाई करने का आदेश दिया है। गुरुवार को एक ही दिन में करीब 4100 बोरी धान जब्त किया गया है। लैलूंगा, धरमजयगढ़, खरसिया और पुसौर में कार्रवाई हुई है। जिले में अब तक कुल 4296 बोरी धान जब्त किया जा चुका है। सरकार केवल खरीफ सीजन के धान का ही उपार्जन करती है। धान खरीदी के दौरान बिचौलिए, कोचिए और धान व्यापारी इस फिराक में रहते हैं कि पुराने धान को खपा सकें। गोदामों में रबी सीजन का धान डंप किया गया है। इसको नए धान के साथ मिलाकर बेचने पर नमीमापक मशीन में भी 17 प्रश से कम रीडिंग आती है। मिलिंग में ऐसे धान का ब्रोकन ज्यादा आता है। पुराने धान को रिसायकल होने से रोकने के लिए कलेक्टर ने कार्रवाई के आदेश दिए हैं।
सभी ब्लॉकों में कार्रवाई हुई है। गुरुवार को एसडीएम लैलूंगा राकेश कुमार वर्मा के नेतृत्व में खाद्य निरीक्षक एवं नायब तहसीलदार की संयुक्त टीम ने झगरपुर के गोदामों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान संतोष अग्रवाल के गोदाम में 900 कट्टा, विकास अग्रवाल के गोदाम में 65 कट्टा धान जब्त किया गया है। इसी तरह एक पिकअप से 40 कट्टा धान भी जब्त किया गया है। लारीपानी लैलूंगा में शिवम गर्ग के गोदाम से 350 कट्टा और जय प्रकाश अग्रवाल के गोदाम से 800 कट्टा धान जब्त किया गया। झगरपुर लैलूंगा में व्यापारी मुकेश अग्रवाल के बाहर रहने और गोदाम की चाबी उपलब्ध नहीं कराने के कारण गोदाम को सील किया गया है। बताया जा रहा है कि गोदाम के अंदर भी धान है।
धरमजयगढ़ में भी लगातार कार्रवाई
धान की कीमत 3100 रुपए करने के बाद रबी धान को स्टॉक करने का खेल शुरू हो गया। कई व्यापारी धान को जमा करके रखते हैं ताकि उपार्जन की शुरुआत में ही खपा सकें। गुरुवार को खाद्य निरीक्षक धरमजयगढ़ द्वारा ग्राम खडग़ांव में अग्रवाल ट्रेडर्स संचालक रमेश कुमार अग्रवाल के गोदाम से 219 क्विंटल (547 बोरी) धान की जब्ती की गई। खडग़ांव में ही नरेश कुमार गोयल के गोदाम से 100 क्विंटल (250 बोरी), गोयल ट्रेडर्स (विनोद कुमार) के गोदाम से 148 क्विंटल (370 बोरी), प्रतीक ट्रेडर्स (मनोज गोयल) के गोदाम से 26 क्विंटल (65 बोरी), ओम जनरल स्टोर (जलेश्वर गोयल) के गोदाम से 11.6 क्विंटल धान (29 बोरी) धान जब्त किया गया है। खरसिया के नवापारा में खाद्य विभाग एवं मंडी की टीम ने त्रिलोचन गबेल के गोदाम से 42 क्विंटल (105 बोरी), तहसील पुसौर के ग्राम नेतनागर में कृषक मंगल साव के गोदाम में उनके धान पंजीयन मात्रा के अतिरिक्त 231.65 क्विंटल (579 कट्टा) धान पाया गया। धान को जब्त किया गया है।
पहले हुई पांच कार्रवाइयां
अवैध धान के भंडारण स्थल पर जांच व कार्रवाई के आदेश पहले ही दिए जा चुके हैं। लैलूंगा के मुकडेगा में सुदर्शन चौहान से 34 बोरी, साल्हेओना रायगढ़ में उद्धव दीवान से 30 बोरी, कांशीराम चौक रायगढ़ में विनोद जांगड़े से 70 बोरी, चोढ़ा खरसिया में अनिल कुमार अग्रवाल से 30 बोरी और चोढ़ा में ही शरद अग्रवाल से 32 बोरा धान जब्त किया जा चुका है।
क्या कहते हैं चितरंजन
कलेक्टर के निर्देश पर अवैध धान को जब्त किया जा रहा है। केवल वास्तविक किसान से ही धान खरीदी की जाएगी।
- चितरंजन सिंह, खाद्य अधिकारी

























