छोड़कर सामग्री पर जाएँ

रायगढ़ में IADVL की ‘क्यूटिकॉन 2026’ का शानदार आगाज़: 150 त्वचा रोग विशेषज्ञों ने साझा किए नवीनतम शोध

20261114 210718

रायगढ़। शहर के प्रतिष्ठित होटल श्रेष्ठा में शनिवार को इंडियन एसोसिएशन ऑफ डर्मेटोलॉजिस्ट, वेनेरोलॉजिस्ट एंड लेप्रोलॉजिस्ट (IADVL) की छत्तीसगढ़ इकाई के दो दिवसीय राज्य स्तरीय सेमिनार ‘क्यूटिकॉन 2026’ (CUTICON 2026) का भव्य आगाज हुआ। दीप प्रज्ज्वलन की औपचारिकताओं के साथ शुरू हुए इस चिकित्सा महाकुंभ में छत्तीसगढ़ सहित देश के विभिन्न शहरों से लगभग 150 ख्याति प्राप्त त्वचा रोग विशेषज्ञ शिरकत कर रहे हैं। सेमिनार के पहले दिन विशेषज्ञों ने त्वचा, बाल और कुष्ठ रोगों के आधुनिक उपचार पर अपने रिसर्च पेपर प्रस्तुत किए, साथ ही डर्मेटोलॉजी क्षेत्र की 40 से अधिक प्रमुख दवा कंपनियों ने अपनी सहभागिता दर्ज कराई।

बालों के झड़ने से लेकर जेनेटिक स्किन डिसीज़ तक पर मंथन

उद्घाटन के पश्चात शुरू हुए अकादमिक सत्रों में चिकित्सा विज्ञान की नवीनतम तकनीकों पर चर्चा की गई। डॉ. दीपिका शर्मा ने ‘ओरल लो-डोज़ मिनोक्सिडिल’ और डॉ. संप्रीति सेंदूर ने ‘एलोपेशिया’ (गंजेपन) के एंड्रोजेनेटिक उपचार पर प्रकाश डाला। भुवनेश्वर से आईं डॉ. मैत्रेयी पण्डा ने बच्चों की त्वचा संबंधी आपातकालीन स्थितियों (पीडियाट्रिक डर्मेटोलॉजी) पर महत्वपूर्ण रिसर्च साझा की, जिसकी अध्यक्षता डॉ. विक्रांत साव ने की। वहीं, भुवनेश्वर के ही डॉ. विश्वनाथ बेहरा ने दुर्लभ आनुवंशिक त्वचा रोगों (जेनोडर्मेटोसिस) के क्लिनिकल लक्षणों से लेकर मॉलिक्यूलर डायग्नोसिस तक की बारीकियां समझाईं। डॉ. शुक्र दशोरे के ‘त्वचा और बालों के विकारों में एक्सोसोम की भूमिका’ पर प्रस्तुत शोध ने सत्र को विशेष रूप से ज्ञानवर्धक बना दिया।

एडवांस्ड वर्कशॉप और पैनल डिस्कशन सेमिनार में जटिल बीमारियों के प्रबंधन को लेकर पैनल डिस्कशन और वीडियो वर्कशॉप भी आयोजित हुए। डॉ. भव्य स्वर्णकार ने ‘पेम्फिगस’ के प्रबंधन में रिटक्सिमैब और इम्यूनोसप्रेसिव दवाओं के उपयोग पर अनुभव साझा किए, जिसमें डॉ. संजीव चौधरी, डॉ. विक्रांत दास और डॉ. सत्याकी गांगुली पैनलिस्ट रहे। इसके अलावा, चेहरे के ऊपरी हिस्से पर बोटुलिनम टॉक्सिन के उन्नत प्रयोग का वीडियो वर्कशॉप के जरिए सफल प्रदर्शन हुआ, जिसकी मॉडरेटर डॉ. प्रिया दिवाकर थीं। एटॉपिक डर्मेटाइटिस में पीआरपी (PRP) के प्रयोग (डॉ. मनोज अगरवाला), मुहांसे और क्लास्कोटेरोन (डॉ. मनोज अग्रवाल), डर्मेटोलॉजी में बायोलॉजिक्स (डॉ. मानस चटर्जी), प्रतिकूल दवा प्रतिक्रियाओं के प्रबंधन (डॉ. अंकिता श्रीवास्तव), लेप्रा रिएक्शन (डॉ. भूषण माडके) और वायु प्रदूषण से होने वाली कॉन्टैक्ट एलर्जी (डॉ. सत्याकी गांगुली) जैसे ज्वलंत विषयों पर भी विशेषज्ञों ने अपने विचार रखे। इस दौरान असिस्टेंट क्विज़ मास्टर डॉ. भव्य स्वर्णकार के संयोजन में डेलिगेट्स के बीच एक रोचक क्विज़ भी आयोजित हुआ।

फार्मा प्रदर्शनी और रंगारंग सांस्कृतिक संध्या वैज्ञानिक सत्रों के साथ-साथ आयोजन स्थल पर करीब 40 विश्वसनीय फार्मास्युटिकल कंपनियों ने अपने स्टॉल लगाए हैं, जहां विशेषज्ञ डेलिगेट्स अत्याधुनिक दवाओं और उत्पादों की जानकारी लेते नज़र आए। दिनभर चले गंभीर अकादमिक मंथन के बाद, पहले दिन का समापन होटल श्रेष्ठा के स्टरलाइट हॉल में एक शानदार सांस्कृतिक संध्या के साथ हुआ। कोलकाता से आए मशहूर रॉक बैंड “ट्रैप” (TRAP) की रंगारंग प्रस्तुति ने सभी अतिथियों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

आयोजन को पूर्ण रूप से सफल बनाने में ‘क्यूटिकॉन 2026’ की आयोजन समिति की भूमिका बेहद सराहनीय रही। चेयरमैन डॉ. पीयूष अग्रवाल, सेक्रेटरी डॉ. राकेश पटेल, वाइस प्रेसिडेंट डॉ. दिलीप सा, ट्रेजरार डॉ. अखिलेश बेहरा और जॉइंट सेक्रेटरी डॉ. नवल पटेल के नेतृत्व में की गई उत्कृष्ट व्यवस्थाओं से देशभर से आए सभी डेलिगेट्स बेहद संतुष्ट और उत्साहित नज़र आए। रविवार को इस सेमिनार के दूसरे और अंतिम दिन के सत्र आयोजित किए जाएंगे।

इस खबर को शेयर करें:

8690517c9326392a68531b5faf7668b00e00b86685972a50e34c21832c7c1c6c?s=90&d=mm&r=g

Editorial

News Room

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ से 1988 से निरंतर प्रकाशित दैनिक समाचार पत्र 'केलो प्रवाह' का यह Official Digital News Room है। हमारी संपादकीय टीम देश और छत्तीसगढ़ की प्रमुख खबरों, सीएम की गतिविधियों और शासन की जनहितैषी योजनाओं को प्रमुखता से साझा करती है। किसानों के हित में समर्पित हमारी टीम, 'जल, जंगल और जमीन' से जुड़े संवेदनशील मुद्दों और विभिन्न विभागों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने वाली रिपोर्टिंग के साथ ही सुदूर अंचलों की ज़मीनी हकीकत को सामने लाती है। जनहित से जुड़ी गतिविधियों, खनिज और औद्योगिक क्षेत्रों की 'Exclusive' खबरों को Evidence के साथ प्रमाणिकता से प्रकाशित करना हमारी प्राथमिकता है। राजनीति, प्रशासन, अपराध, स्पोर्ट्स, रोज़गार, खेती-किसानी और धार्मिक विषयों सहित हर क्षेत्र की खबरों को पूरी शुचिता के साथ प्रस्तुत करना ही हमारा संकल्प है।

Share: