रायगढ़ (केलो प्रवाह)। जन्मदिन पर केक कटिंग, पार्टी और भव्य समारोह तो आपने बहुत देखे होंगे, लेकिन अपने प्रपौत्र के जन्म दिन को गौसेवा और समाजकल्याण के महायज्ञ में समर्पित करने की अनूठी पहल पहली बार देखने को मिल रही है। जिले का बहु प्रतिष्ठित उद्योग एनआर ग्रुप के संस्थापक नंदकिशोर अग्रवाल ने इसी प्रेरणादायी सोच के साथ अपने प्रिय प्रपौत्र चि. युवराम के द्वितीय जन्मदिन को यादगार बनाते हुए रायगढ़ को एक बड़ी सौगात दी है। शहर से लगे ग्राम गुड़गहन के समीप ढाई एकड़ भूमि पर निर्मित विशाल ‘रामानंदम गौधाम’ का भव्य लोकार्पण 17 नवंबर को होने जा रहा है। लगभग 600 गौवंश को आश्रय देने की क्षमता वाला यह विशाल गौ धाम गौसंरक्षण, गौसेवा और पशु
चिकित्सा के क्षेत्र में रायगढ़ के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि साबित होगा। इस विशेष आयोजन का संयोग यह भी है कि 17 नवंबर को ही नंदकिशोर अग्रवाल का जन्मदिन भी है। चि. युवराम, अंकित एवं चाहत के सुपुत्र हैं। परिवार ने इस दोहरे खुशी के अवसर को केवल निजी उत्सव तक सीमित रखने के बजाय समाज और मूक प्राणियों की सेवा को समर्पित करने का निर्णय लिया। एनआर ग्रुप की यह पहल केवल एक गौशाला का निर्माण नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को सेवा, संवेदना, करुणा और भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों से जोड़ने का सार्थक प्रयास है। नंदकिशोर अग्रवाल की यह सोच समाज को प्रेरित करती है कि जीवन के विशेष अवसरों को जनकल्याण के कार्यों से जोड़कर उन्हें वास्तव में यादगार बनाया जा सकता है।
24 घंटे खुलेगा अत्याधुनिक गौ चिकित्सालय
रामानंदम गौ-धाम की सबसे बड़ी विशेषताओं में से एक यहां विकसित किया जा रहा आधुनिक पशु चिकित्सालय होगा। एनआर ग्रुप के डायरेक्टर संजय अग्रवाल ने बताया कि गौ-धाम परिसर में गौवंश के बेहतर उपचार के लिए अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। अस्पताल में ऑपरेशन थिएटर भी बनाया जा रहा है, जिससे दुर्घटनाग्रस्त गौ वंशों की 24 घंटे निःशुल्क इलाज की सुविधा उपलब्ध रहेगी। साथ ही 4 पशु चिकित्सक भी गौ वंशों की सेवा के लिए तैनात रहेंगे। वहीं पशु एंबुलेंस की भी सुविधा इस पशु चिकित्सालय में गौ वंशों की सेवा के उद्देश्य से सुनिश्चित की गई है। इसके अलावा लाचार बीमार पशुओं को अस्पताल तक पहुंचाने शीघ्र ही हाइड्रोलिक एंबुलेंस भी रामानंदम गौधाम को उपलब्ध होगी।
यह गौधाम जिले की एक स्थापित समाजसेवी परिवार के सेवा भाव की कड़ी में एक नई और अनुकरणीय मिसाल साबित होने जा रही है। इस संदर्भ में एनआर ग्रुप के डॉयरेक्टर संजय अग्रवाल ने बताया कि इसी क्रम में गढ़उमरिया में एन. आर. ग्रुप 220 बेड का हॉस्पीटल भी बहुत जल्द रायगढ़ को समर्पित करने जा रहा है, जिसमें मल्टी स्पेशलिस्ट के साथ कैंसर जैसी बीमारी का भी गुणवत्तापूर्ण इलाज किया जाएगा।

गौरतलब है कि नंदकिशोर अग्रवाल के समाजसेवी सोच का असर उनके सुसंस्कारित परिवार पर कुछ इस कदर पड़ा है कि कर्मभूमि को महत्वपूर्ण मानते हुए एनआर परिवार का एक-एक सदस्य अपने जीवन को सार्थक बनाने की दिशा में विभिन्न सामाजिक सरोकारों के प्रति पूरी तरह से कृत संकल्पित है।


























You must be logged in to post a comment.