रायगढ़, 17 नवम्बर 2026: जिले में अवैध खनन और परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए खनिज विभाग द्वारा निरंतर कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में, कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी के निर्देश पर खनिज अमले ने मंगलवार को ग्राम पुसलदा स्थित मांड नदी में दबिश देकर अवैध रेत उत्खनन में लगी एक चैन माउंटेन मशीन को जब्त किया है। खनिज विभाग के अनुसार, उन्हें ग्राम पुसलदा के पास मांड नदी में रेत के अवैध खनन की शिकायत मिली थी। शिकायत के आधार पर विभागीय टीम ने मौके पर जाकर जांच की।
जांच के दौरान पाया गया कि नदी में चैन माउंटेन मशीन के जरिए अवैध रूप से रेत निकाली जा रही थी। टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मशीन को जब्त कर उसे सील कर दिया। विभागीय जांच में यह तथ्य सामने आया है कि उक्त अवैध उत्खनन का कार्य खरसिया निवासी तरुण साहू द्वारा कराया जा रहा था। इस मामले में खनिज विभाग ने संबंधित वाहन मालिक के विरुद्ध ‘छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम, 2015’ के नियम
71 तथा ‘खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957’ की प्रासंगिक धाराओं के तहत अवैध उत्खनन का प्रकरण दर्ज कर लिया है। कार्रवाई के संबंध में जिला खनिज अधिकारी ने बताया कि खनिजों के अवैध उत्खनन और परिवहन को रोकने के लिए विभाग लगातार निगरानी कर रहा है और यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

























