छोड़कर सामग्री पर जाएँ

जल्द शुरू होगा संगीत महाविद्यालय, 40 में से 27 सीटों पर प्रवेश

IMG 20261031 WA0005

रायगढ़ (केलो प्रवाह)। रायगढ़ जिले में बहुत जल्द संगीत महाविद्यालय प्रारंभ हो जाएगा। एक महीने के अंदर एडमिशन, संबद्धता आदि कार्य पूरा किया जा चुका है। अस्थाई रूप से पंचायत सचिव ट्रेनिंग सेंटर को तैयार किया जा रहा है। रायगढ़ संगीत महाविद्यालय में 40 सीटों में से 27 सीटों पर एडमिशन भी हो चुका है। पहला वर्ष होने के बावजूद इतना एडमिशन होना एक सकारात्मक संकेत है।मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने 2025 में रायगढ़ में संगीत महाविद्यालय का ऐलान किया था। डिग्री कॉलेज प्राचार्य को ही इसकी प्रक्रिया शुरू करनी थी।

चक्रधर समारोह 2026 में सीएम के आने पर इस कॉलेज के शुरू होने की घोषणा की जाती, लेकिन किरोड़ीमल शासकीय कला एवं विज्ञान महाविद्यालय प्राचार्य ने इसकी प्रक्रिया आगे ही नहीं बढ़ाई। तब उच्च शिक्षा संचालनालय ने डॉ. आनंद शर्मा को इसका नोडल बनाया। इसके बाद कलेक्टर ने पंचायत ट्रेनिंग सेंटर में संगीत महाविद्यालय के अस्थाई संचालन का आदेश दिया। वर्ष 26-27 में 40 सीटों पर प्रवेश के लिए विज्ञापन जारी किया गया था, जिसमें से 27 विद्यार्थियों ने प्रवेश ले लिया है।

खैरागढ़ संगीत विवि से संबद्धता भी प्राप्त हो चुकी है। अब नामांकन शुल्क आदि विधिवत जमा होने के बाद सभी छात्र-छात्राएं विवि के अधीन संगीत महाविद्यालय में शिक्षा ग्रहण करेंगे। बताया जा रहा है कि इसमें कई तरह की रुकावटें आ रही हैं जिनका निराकरण करने का प्रयास किया जा रहा है।

चार्ज नहीं मिलने के कारण परेशानी

शासन ने डिग्री कॉलेज में बड़ा फेरबदल किया है। डॉ. सोफिया अम्ब्रेला को हटाकर डॉ. आनंद शर्मा को प्राचार्य का प्रभार दिया गया है। इस आदेश के पहले से संगीत महाविद्यालय के प्रवेश की प्रक्रिया डिग्री कॉलेज से ही हो रही थी। मतलब डीडीओ पावर डिग्री कॉलेज प्राचार्य के पास है। नामांकन शुल्क जमा करने के लिए जरूरी है कि संगीत महाविद्यालय का अलग से बैंक एकाउंट खोला जाए। इसके लिए प्राचार्य ही अधिकृत हैं। लेकिन अभी तक खाता नहीं खुल सका है और न ही डॉ. आनंद शर्मा को चार्ज दिया गया है। सूत्रों के मुताबिक आदेश आने के बाद डॉ. सोफिया अम्ब्रेला अवकाश पर चली गई हैं। इस वजह से संगीत महाविद्यालय की प्रक्रिया रुक गई है।

रोड बेहद खराब, कब बनेगी

टीवी टावर रोड से पंचायत ट्रेनिंग सेंटर तक पहुंचने के लिए करीब आधा किमी सडक़ है। यह रोड पूरी तरह खराब हो चुकी है। पीटीसी पहुंचने तक रोड पर गड्ढे ही गड्ढे हैं। नाली नहीं बनने की वजह से गंदा पानी सडक़ पर जमा होता है। इसी सडक़ से होकर स्वामी आत्मानंद कॉलेज और संगीत महाविद्यालय के विद्यार्थी रोज गुजरेंगे। कई लोगों ने मकानों के बाहर रैम्प निकालकर अवैध कब्जा कर लिया है, जिससे चौड़ाई भी कम हो गई है।

इस खबर को शेयर करें:

8690517c9326392a68531b5faf7668b00e00b86685972a50e34c21832c7c1c6c?s=90&d=mm&r=g

Editorial

News Room

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ से 1988 से निरंतर प्रकाशित दैनिक समाचार पत्र 'केलो प्रवाह' का यह Official Digital News Room है। हमारी संपादकीय टीम देश और छत्तीसगढ़ की प्रमुख खबरों, सीएम की गतिविधियों और शासन की जनहितैषी योजनाओं को प्रमुखता से साझा करती है। किसानों के हित में समर्पित हमारी टीम, 'जल, जंगल और जमीन' से जुड़े संवेदनशील मुद्दों और विभिन्न विभागों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने वाली रिपोर्टिंग के साथ ही सुदूर अंचलों की ज़मीनी हकीकत को सामने लाती है। जनहित से जुड़ी गतिविधियों, खनिज और औद्योगिक क्षेत्रों की 'Exclusive' खबरों को Evidence के साथ प्रमाणिकता से प्रकाशित करना हमारी प्राथमिकता है। राजनीति, प्रशासन, अपराध, स्पोर्ट्स, रोज़गार, खेती-किसानी और धार्मिक विषयों सहित हर क्षेत्र की खबरों को पूरी शुचिता के साथ प्रस्तुत करना ही हमारा संकल्प है।

Share: