रायगढ़ (केलो प्रवाह)। खनिज विभाग पुरजोर कोशिश कर रहा है कि जिले में ज्यादा से ज्यादा रेत खदानें शुरू हो जाएं, लेकिन दस्तावेजी प्रक्रिया पूरी नहीं हो पा रही है। 15 रेत घाटों में से छह को अनुमति मिल सकी है। उसरौट को अदालत से आदेश के बाद अनुमति दी गई। इधर चार रेत घाट डीलिस्ट हो गए हैं।रेत खदानों को शुरू कराने में खनिज विभाग को एड़ी-चोटी का जोर लगाना पढ़ रहा है। रेतघाट स्वीकृत नहीं होने का लाभ रेत माफिया को हो रहा है। 16 अक्टूबर से जिले में रेत खदानों से रेत निकासी की अनुमति मिल जानी थी, लेकिन मामला सीटीओ और ऑनलाईन पर्ची पर अटक गया था। छग सरकार के ढुलमुल रवैये के कारण रेत खदानें समय पर शुरू नहीं हो सकी। इस अवधि में एक-दो नहीं दर्जनों रेत माफिया स्थापित हो चुके हैं।
रायगढ़ जिले में तीन चरणों में 15 रेत खदानों की नीलामी की गई थी। इनमें से बरभौना, बायसी, सहसपुरी, ग्राम लेबड़ा, पुसल्दा, जबलपुर, उसरौट को भू-प्रवेश की अनुमति मिल चुकी है। इन खदानों से ऑनलाइन पर्ची के साथ रेत का परिवहन हो सकता है, लेकिन दस्तावेज पूरे जमा नहीं करने की वजह से कंचनपुर, रीलो, कारीछापर और छिरभौना को डीलिस्ट कर दिया गया है। अब आवंटियों को दोबारा समय दिया जाएगा। वहीं डूमरपाली, जोगड़ा-1 और जोगड़ा-2 के लिए जनसुनवाई करानी पड़ेगी क्योंकि कोरबा जिले की सीमा में भी रेतघाट स्वीकृत किए गए हैं। इस वजह से रेत खदानों का क्लस्टर बन गया। औराभाठा, सरडामाल और दर्रामुड़ा के लिए आवेदन प्रस्तुत नहीं किए जा सके हैं, ताकि एग्रीमेंट किया जा सके।
जगह-जगह झड़प की खबरें
छह नई रेत खदानों से रेत की निकासी शुरू होते ही स्थानीय स्तर पर गतिरोध शुरू हो चुका है। ज्यादा रेत खदानों पर बाहरी कारोबारियों ने कब्जा जमाया है। ग्रामीणों को इसी पर आपत्ति है। कहा जा रहा कि कई रेत माफिया भी परदे के पीछे से खेल खेल रहे हैं। उनकी मंशा है कि वैध रेत घाटों के साथ अवैध भी चलता रहे। इसलिए रेत खदानों में गतिरोध पैदा किया जा रहा है।

























