- 22 लाख रुपये की लागत से होगा निर्माण
- स्टेशन रोड और गांधी प्रतिमा चौक पर जाम से मिलेगी राहत
रायगढ़ (केलो प्रवाह)। शहर के गांधी प्रतिमा के आसपास सड़क पर हो रहे फूल व्यवसाय के कारण यातायात बाधित होता है, जिसको लेकर नगर निगम ने एसपी कार्यालय के बगल में पृथक से फूल मार्केट का प्रस्ताव तैयार किया है। शुक्रवार को 22 लाख रुपये की लागत से प्रस्तावित सुव्यवस्थित फूल मार्केट के लिए महापौर व सभापति ने भूमिपूजन कर निर्माण कार्य प्रारंभ करवाया। इस बाजार के निर्मित होने से स्टेशन रोड व गांधी प्रतिमा चौक पर लगने वाले जाम की स्थिति से भी लोगों को राहत मिलेगी। रायगढ़ शहर में फूलों का व्यवसाय भी काफी बढ़ गया है, जिससे अब फूल विक्रेता गांधी प्रतिमा चौक व स्टेशन रोड में फुटपाथ पर दुकान संचालित करते हैं।
इसके साथ ही त्योहारी सीजन में विभिन्न प्रकार की पूजा सामग्री की भी दुकानें फुटपाथ पर सज जाती हैं। सड़क किनारे दुकानें लगने से इस मार्ग पर ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रहती है। वहीं सड़क पर आवागमन करने में आम लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। ऐसे में नगर निगम प्रशासन ने पृथक से फूल मार्केट का प्रस्ताव तैयार करते हुए एसपी कार्यालय व निगम के शॉपिंग कॉम्प्लेक्स के बीच रिक्त भूमि का चयन किया था। इस बाजार में न केवल फूल विक्रेता, बल्कि त्योहारी सीजन में विभिन्न प्रकार की पूजा सामग्री बेचने वाले व्यापारियों को भी फुटपाथ पर व्यवसाय करने से मुक्ति मिलेगी तथा व्यवस्थित स्थान मिलेगा।
इसके साथ ही आम नागरिकों को भी खरीदारी करने में परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा तथा सड़क पर अतिक्रमण भी नहीं होगा। शहर के इस प्रमुख मार्ग को अतिक्रमण मुक्त कर यातायात के लिए सुगम बनाने तथा फूल विक्रेताओं को व्यवस्थित रूप से व्यापार करने के लिए स्थान उपलब्ध कराने के उद्देश्य से महापौर जीवर्धन चौहान ने महापौर निधि से 22 लाख रुपये की राशि की स्वीकृति प्रदान की है। टेंडर प्रक्रिया पूर्ण करने के बाद शुक्रवार को महापौर जीवर्धन चौहान एवं सभापति डिग्री लाल साहू ने भूमिपूजन कर फूल मार्केट निर्माण कार्य का शुभारंभ किया।
प्रस्तावित फूल मार्केट में फूल व्यापारियों के लिए पसरा निर्माण के साथ ही पानी निकासी के लिए नाली एवं शौचालय निर्माण होगा।























