छोड़कर सामग्री पर जाएँ

अपेक्स बैंक बरमकेला से दूसरे जिलों के एकाउंट में भी हुई रकम ट्रांसफर

  • हेड ऑफिस को पहले पता चला लेकिन कार्रवाई में देरी, तीन नियमित कर्मचारी समेत आठ हो चुके हैं बर्खास्त

रायगढ़ (केलो प्रवाह)। अपेक्स बैंक बरमकेला में 18.13 करोड़ रुपए गबन के मामले में कई खुलासे होने बाकी हैं। इस बीच जानकारी मिली है कि कर्मचारियों ने अपने अलावा दूसरे जिलों के अपने परिचितों के एकाउंट में भी बड़ी रकम ट्रांसफर कर दी थी। जिसे बाद में आहरित कर खपा लिया गया। इसकी जानकारी अपेक्स बैंक मुख्यालय को तुरंत हो गई थी, लेकिन कार्रवाई में देरी हुई। सारंगढ़ और बरमकेला क्षेत्र की 17 समितियों में सबसे बड़ा सहकारिता घोटाला पकड़ा गया है। अपेक्स बैंक, सहकारी समिति प्रबंधकों ने मिलीभगत से 18.13 करोड़ के वारे-न्यारे कर लिए। समितियों के एकाउंट से डायरेक्ट अपने खातों में रुपए ट्रांसफर किए गए।

बरमकेला ब्रांच के पूर्व शाखा प्रबंधक अधिकारी डीआर वाघमारे, मीनाक्षी मांझी लेखाधिकारी और लिपिक आशीष पटेल के अलावा पांच आउट सोर्सिंग कर्मचारियों लिकेश कुमार बैरागी, रमाकांत श्रीवास्तव, अरुण चंद्राकर, खीरदास महंत और बालकृष्ण कर्ष को बर्खास्त किया जा चुका है। अपने निजी बैंक आईडी का दुरुपयोग करते हुए समिति तथा बैंक के राशि का सुनियोजित तरीके से गबन किया गया। 1 अप्रैल 2024 से 6 नवंबर 2024 तक समिति बड़े नवापारा, बरमकेला, बोंदा, दुलोपाली, लेंध्रा, लोधिया, लुकापारा, साल्हेओना, सरिया, तौसीर, देवगांव, गोबरसिंघा, कालाखूंटा, कंठीपाली, करनपाली, कुम्हारी एवं पंचधार के केसीसी खातों को नामे कर कुल 887 किसानों के डीएमआर कैश, काइंड खातों को निरंक किया गया है।

पहले पता चला था कि 9,91,20,877 रुपए दूसरे खातों में आईएमपीएस ट्रांजेक्शन कर नकद आहरण किया गया। ऑडिट में गबन की रकम 18.13 करोड़ पहुंच गई। इस मामले में तत्कालीन सारंगढ़ ब्रांच मैनेजर संजय कुमार साहू और सहायक लेखापाल दीर्घ साख हेमंत कुमार चौहान के विरुद्ध भी अपराध दर्ज कराने का आदेश बरमकेला शाखा प्रबंधक को दिया गया था। दोनों के विरुद्ध विभागीय जांच चल रही है। इस मामले में जानकारी मिली है कि दूसरे जिलों केे कई एकाउंट में भारी रकम भेजी गई। इसकी जानकारी हेड ऑफिस को पहले ही हो गई थी लेकिन कार्रवाई में देरी की गई। बड़े नावापारा, ग्राम बोंदा, लोधिया, साल्हेओना, पंचधार और कंठीपाली में करीब 1.97 करोड़ का लोन स्वीकृत था, लेकिन अल्पकालीन ऋण खातों से 15.63 करोड़ रुपए निकाल लिए गए।

तत्कालीन ओएसडी रायगढ़ को भी थी जानकारी

बरमकेला ब्रांच भी रायगढ़ अपेक्स बैंक ओएसडी के अधीन आती है। तत्कालीन ओएसडी पंकज सोढ़ी को इसकी जानकारी क्यों नहीं हुई, यह गंभीर सवाल है। जब पहली बार संदेहास्पद ट्रांजेक्शन हुआ तभी इसकी जानकारी मिल जानी थी। लेकिन मामले को दबाने का प्रयास किया गया। तत्कालीन ओएसडी की भूमिका नहीं जांची गई और उनको रायपुर बुला लिया गया। उच्च स्तरीय विशेष जांच दल (एसआईटी) की जांच भी चल रही है।

एफआईआर के बाद ईओडब्ल्यू कर रहा है जांच

बरमकेला थाने में पूर्व शाखा प्रबंधक अधिकारी डीआर वाघमारे, मीनाक्षी मांझी लेखाधिकारी और लिपिक आशीष पटेल, आउटसोर्सिंग स्टाफ कम्प्यूटर ऑपरेटर रमाकांत श्रीवास, कम्प्यूटर ऑपरेटर लिकेश बैरागी, गार्ड अरुण चंद्राकर, खीरदास महंत और बाल कृष्ण कर्ष के विरुद्ध बीएनएस की धारा 3 (5), 316 (5), 318 (4), 336 (3), 338 और 340 (2) के तहत अपराध दर्ज किया गया था। सारंगढ़ ब्रांच के पूर्व मैनेजर एसके साहू और लेखापाल हेमंत कुमार चौहान के विरुद्ध भी एफआईआर दर्ज की जानी है। इस मामले की ईओडब्ल्यू जांच भी की जा रही है, जो कब तक चलेगी, तय नहीं है।

इस खबर को शेयर करें:

8690517c9326392a68531b5faf7668b00e00b86685972a50e34c21832c7c1c6c?s=90&d=mm&r=g

Editorial

News Room

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ से 1988 से निरंतर प्रकाशित दैनिक समाचार पत्र 'केलो प्रवाह' का यह Official Digital News Room है। हमारी संपादकीय टीम देश और छत्तीसगढ़ की प्रमुख खबरों, सीएम की गतिविधियों और शासन की जनहितैषी योजनाओं को प्रमुखता से साझा करती है। किसानों के हित में समर्पित हमारी टीम, 'जल, जंगल और जमीन' से जुड़े संवेदनशील मुद्दों और विभिन्न विभागों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने वाली रिपोर्टिंग के साथ ही सुदूर अंचलों की ज़मीनी हकीकत को सामने लाती है। जनहित से जुड़ी गतिविधियों, खनिज और औद्योगिक क्षेत्रों की 'Exclusive' खबरों को Evidence के साथ प्रमाणिकता से प्रकाशित करना हमारी प्राथमिकता है। राजनीति, प्रशासन, अपराध, स्पोर्ट्स, रोज़गार, खेती-किसानी और धार्मिक विषयों सहित हर क्षेत्र की खबरों को पूरी शुचिता के साथ प्रस्तुत करना ही हमारा संकल्प है।

Share: