मुंबई, 03 नवंबर 2025। रविवार का दिन भारतीय क्रिकेट के इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में दर्ज हो गया। भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने डीवाई पाटिल स्पोर्ट्स एकेडमी में खेले गए Women’s ODI World Cup 2025 के फाइनल में दक्षिण अफ्रीका को हराकर पहली बार विश्व कप अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ भारत ने न सिर्फ ट्रॉफी उठाई, बल्कि रिकॉर्ड तोड़ प्राइज मनी भी अपने नाम की।
शेफाली और दीप्ति का जलवा
पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 50 ओवर में 7 विकेट पर 298 रन बनाए। शेफाली वर्मा ने शानदार 87 रनों की पारी खेली और टीम को मजबूत शुरुआत दी। वहीं दीप्ति शर्मा ने फिफ्टी जड़ते हुए बल्लेबाजी में दम दिखाया। जवाब में उतरी दक्षिण अफ्रीका की टीम 246 रनों पर सिमट गई। भारत की दीप्ति शर्मा ने इस बार गेंदबाजी में भी कहर बरपाया और 5 विकेट झटककर विरोधियों की कमर तोड़ दी। उनके इस शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें Player of the Tournament, जबकि शेफाली वर्मा को Player of the Match चुना गया।
इतिहास की सबसे बड़ी प्राइज मनी
इस बार महिला वर्ल्ड कप की इनामी राशि इतिहास की सबसे बड़ी रही। विजेता भारत को ₹41.77 करोड़ की राशि मिली। रनर-अप दक्षिण अफ्रीका को ₹21.88 करोड़, जबकि ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड को क्रमशः ₹11.95 करोड़-₹11.95 करोड़ मिले। श्रीलंका और न्यूजीलैंड को ₹7.8 करोड़, जबकि बांग्लादेश और पाकिस्तान को ₹4.5 करोड़ की इनामी राशि दी गई।
देश में मना जश्न, सोशल मीडिया पर छाई भारतीय टीम
भारत की इस ऐतिहासिक जीत के बाद पूरे देश में खुशी की लहर दौड़ गई। फैंस ने सोशल मीडिया पर टीम इंडिया की बेटियों को बधाईयों की बौछार कर दी। कई राज्यों में जश्न के कार्यक्रम हुए और लोगों ने पटाखे फोड़कर जीत का जश्न मनाया। यह जीत सिर्फ एक ट्रॉफी नहीं, बल्कि भारतीय महिला क्रिकेट के सुनहरे युग की शुरुआत है।
शेफाली वर्मा, दीप्ति शर्मा, हरमनप्रीत कौर जैसी खिलाड़ियों ने साबित कर दिया कि अब भारतीय बेटियां मैदान पर किसी से कम नहीं।























