क्रिकेट डेस्क: आज के दौर में टी20 और वनडे क्रिकेट में छक्के लगना आम बात हो गई है। मैदान पर बल्लेबाज बेझिझक लंबे-लंबे छक्के जड़ते हैं, जिसमें वेस्टइंडीज के कीरोन पोलॉर्ड, आंद्रे रसेल, और क्रिस गेल जैसे खिलाड़ी लंबे छक्कों के लिए मशहूर हैं। भारत के युवराज सिंह ने तो एक ही ओवर में 6 छक्के मारने का अद्भुत कारनामा किया है। लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि क्रिकेट के इतिहास में सबसे लंबा छक्का किसने मारा है? यह रिकॉर्ड पाकिस्तान के धाकड़ बल्लेबाज शाहिद अफरीदी के नाम है।
अफरीदी ने 2013 में साउथ अफ्रीका के गेंदबाज रयान मैकलारेन के खिलाफ 153 मीटर का जबरदस्त छक्का जड़ा था, जो आधिकारिक रूप से क्रिकेट इतिहास का सबसे लंबा छक्का माना जाता है। दूसरे स्थान पर ऑस्ट्रेलिया के पूर्व तेज गेंदबाज ब्रेट ली हैं, जिन्होंने 2005 में वेस्टइंडीज के खिलाफ 143 मीटर का छक्का मारकर सभी को चौंका दिया था।
हालांकि, अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से अलग, ऑस्ट्रेलिया के खिलाड़ी एडेन ब्लिजार्ड ने टी20 लीग में विक्टोरिया की तरफ से खेलते हुए 173 मीटर का छक्का मारा था। इसे अनौपचारिक रूप से क्रिकेट इतिहास का सबसे लंबा छक्का माना जाता है। भारतीय बल्लेबाजों की बात करें तो, युवराज सिंह ने 2007 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 119 मीटर का लंबा छक्का मारते हुए भारत के लिए सबसे बड़ा छक्का लगाने का रिकॉर्ड बनाया।
आईपीएल में सबसे लंबा छक्का साउथ अफ्रीका के एल्बी मोर्केल के नाम है, जिन्होंने 2008 में 125 मीटर का छक्का मारा था। वहीं, अंतरराष्ट्रीय टी20 क्रिकेट में सबसे लंबा छक्का मारने का रिकॉर्ड न्यूजीलैंड के मार्टिन गुप्टिल के नाम है, जिन्होंने 127 मीटर का छक्का जड़ा है। शाहिद अफरीदी का यह 153 मीटर का छक्का अब भी सबसे लंबा माना जाता है, और यह क्रिकेट प्रेमियों के बीच हमेशा चर्चा का विषय बना रहेगा।























