भारत-पाकिस्तान तनाव के चलते बीच में रोकी गई इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 एक बार फिर 17 मई से शुरू होने जा रही है। हालांकि, टूर्नामेंट दोबारा शुरू होने से पहले कई फ्रेंचाइज़ियों के लिए मुश्किलें खड़ी हो गई हैं, क्योंकि उनके विदेशी खिलाड़ी या तो लौटने में असमर्थ हैं या अपनी राष्ट्रीय टीमों के कारण बाहर हो गए हैं। ऐसे में लगभग हर टीम को बड़ा झटका लग सकता है, खासकर उन टीमों को जो विदेशी खिलाड़ियों के दम पर प्लेऑफ की दौड़ में आगे थीं।
गुजरात टाइटंस
शुभमन गिल की कप्तानी में अंक तालिका में शीर्ष पर चल रही गुजरात टाइटंस को सबसे अधिक नुकसान हो सकता है। इंग्लैंड के जोस बटलर और दक्षिण अफ्रीका के कगिसो रबाडा व गेराल्ड कोएट्जी के लौटने की संभावना बेहद कम है। दक्षिण अफ्रीकी बोर्ड ने अपने खिलाड़ियों को 26 मई से पहले देश लौटने के निर्देश दिए हैं। हालांकि, राशिद खान, शेरफेन रदरफोर्ड और करीम जनत भारत लौटने को तैयार हैं।
कोलकाता नाइट राइडर्स
अजिंक्य रहाणे की अगुवाई वाली कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए अगला मुकाबला ‘करो या मरो’ जैसा होगा, क्योंकि हार की सूरत में टीम प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो सकती है। सुनील नरेन, आंद्रे रसेल, रोवमैन पॉवेल और ड्वेन ब्रावो दुबई में हैं और बेंगलुरु पहुंचने वाले हैं। वहीं, एनरिक नोर्टजे मालदीव में हैं और जल्द टीम से जुड़ सकते हैं। रहमानुल्लाह गुरबाज फिलहाल टीम से दूर हैं।
सनराइजर्स हैदराबाद
टीम पहले ही प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो चुकी है, ऐसे में पैट कमिंस और ट्रेविस हेड जैसे बड़े नामों की वापसी का ज्यादा फर्क नहीं पड़ेगा। हेनरिक क्लासेन, कामिंदु मेंडिस और वियान मुल्डर की वापसी की कोई पुष्टि नहीं है।
पंजाब किंग्स
श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली पंजाब किंग्स प्लेऑफ की मजबूत दावेदार है। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने खिलाड़ियों को IPL में लौटने की अनुमति दी है। जेवियर बार्टलेट, अजमतुल्लाह उमरजई और मिचेल ओवेन लौट रहे हैं, जबकि मार्कस स्टोइनिस, जोश इंगलिस और आरोन हार्डी की वापसी पर सस्पेंस है। कोचिंग स्टाफ पहले ही भारत में मौजूद है।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु
जोश हेजलवुड का लौटना मुश्किल है, हालांकि वह डब्ल्यूटीसी फाइनल में खेलेंगे। जैकब बेथेल इंग्लैंड की वनडे टीम में शामिल हैं और रोमारियो शेपर्ड भी अंतरराष्ट्रीय प्रतिबद्धताओं में व्यस्त हैं। लुंगी एनगिडी के भी न लौटने की आशंका है।
दिल्ली कैपिटल्स
दिल्ली के लिए शेष दोनों मैच जीतना जरूरी है। मिचेल स्टार्क और जेक फ्रेजर-मैकगर्क की वापसी संदिग्ध है, जबकि अन्य विदेशी खिलाड़ी टीम से जुड़ सकते हैं। ट्रिस्टन स्टब्स लीग चरण के बाद उपलब्ध नहीं रहेंगे।
मुंबई इंडियंस
रयान रिकेल्टन और कॉर्बिन बॉश दक्षिण अफ्रीकी टेस्ट टीम में शामिल हैं और इंग्लैंड रवाना होने वाले हैं। विल जैक्स की भी वापसी की संभावना कम है। मुजीब उर रहमान टीम के साथ बने रहेंगे।
IPL 2025 का दोबारा आगाज़ रोमांचक जरूर होगा, लेकिन विदेशी खिलाड़ियों की सीमित उपलब्धता से मुकाबलों का समीकरण पूरी तरह बदल सकता है। ऐसे में टीमों की बेंच स्ट्रेंथ और भारतीय खिलाड़ियों की भूमिका पहले से कहीं ज़्यादा अहम हो जाएगी।


























