नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट टीम के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली ने टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कह दिया है। उन्होंने सोमवार को इंस्टाग्राम पर पोस्ट करते हुए अपने संन्यास की घोषणा की और लिखा – “269, साइनिंग ऑफ”, जो उनके टेस्ट कैप नंबर को दर्शाता है। इस फैसले के साथ ही विराट कोहली इंग्लैंड दौरे पर नहीं जाएंगे और भारतीय टेस्ट टीम के एक स्वर्णिम युग का समापन हो गया। इससे पहले कप्तान रोहित शर्मा भी इंग्लैंड दौरे से पहले टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं। खास बात यह रही कि विराट और रोहित दोनों ने टी20 इंटरनेशनल से भी एक साथ रिटायरमेंट लिया था। अब कोहली केवल वनडे में खेलते दिखेंगे।
इमोशनल विदाई पोस्ट
विराट ने अपनी पोस्ट में लिखा, “टेस्ट क्रिकेट में पहली बार बैगी ब्लू पहने हुए 14 साल हो चुके हैं। इस प्रारूप ने मेरी परीक्षा ली, मुझे आकार दिया और मुझे ऐसे सबक सिखाए जिन्हें मैं जीवन भर साथ रखूंगा। सफेद कपड़ों में खेलना बहुत ही निजी अनुभव होता है – शांत परिश्रम, लंबे दिन, और छोटे पल जो कोई नहीं देखता, लेकिन आपके भीतर हमेशा जीवित रहते हैं।” कोहली ने आगे कहा, “मैं इस फॉर्मेट से दूर हो रहा हूं, लेकिन यह फैसला आसान नहीं है। फिर भी यह सही लगता है। मैंने इसमें अपना सबकुछ दिया और इसने बदले में मुझे मेरी उम्मीद से कहीं ज़्यादा दिया है।
विराट कोहली का टेस्ट करियर न केवल आँकड़ों में बल्कि प्रेरणा, जज़्बे और जुनून के पैमाने पर भी अविस्मरणीय रहा है। कप्तान के रूप में उन्होंने भारत को विदेशों में ऐतिहासिक जीत दिलाई और टेस्ट क्रिकेट को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाया। उनका यह सफर आने वाली पीढ़ियों के लिए मिसाल बना रहेगा। “बैगी ब्लू” में उनका संघर्ष, समर्पण और गौरव हमेशा याद रखा जाएगा।
विराट कोहली का टेस्ट करियर – एक नजर में:
- डेब्यू: 20 जून 2011, वेस्टइंडीज के खिलाफ
- आखिरी मैच: 3 जनवरी 2025, ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ (सिडनी)
- कुल टेस्ट मैच: 123
- पारी: 210
- कुल रन: 9230
- औसत: 46.85
- स्ट्राइक रेट: 55.58
- शतक: 30
- अर्धशतक: 31
- दोहरा शतक: 7
- नाबाद पारियां: 13
- चौके: 1027
- छक्के: 30























