सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले से एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक व्यक्ति को स्कूल परिसर में नशे की हालत में जमीन पर पड़े हुए देखा जा सकता है। सोशल मीडिया पर दावा किया जा रहा है कि वीडियो में दिख रहे व्यक्ति रामानुजनगर ब्लॉक के ग्राम शाल्ही स्थित खोरखोरीपारा प्राथमिक स्कूल के हेडमास्टर हरिनंदन सिंह हैं।वायरल वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर कई तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।
दावा किया जा रहा है कि संबंधित हेडमास्टर स्कूल समय के दौरान शराब के नशे में पहुंचे थे और उनकी हालत ऐसी थी कि वे ठीक से खड़े भी नहीं हो पा रहे थे। ग्रामीणों ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है। यदि वीडियो और उससे जुड़े दावे सही पाए जाते हैं, तो यह मामला शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
हालांकि, इस मामले में शिक्षा विभाग की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान या कार्रवाई की जानकारी सामने नहीं आई है।केलो प्रवाह इस वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता। आधिकारिक पुष्टि या विभागीय कार्रवाई सामने आने पर समाचार को अपडेट किया जाएगा।





















