संबलपुर: वैदिक इंटरनेशनल स्कूल, संबलपुर के लिए यह गौरव का क्षण है। स्कूल की पूर्व छात्रा रिया अग्रवाल ने यूनाइटेड किंगडम स्थित विश्व के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान ‘लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स’ (LSE) में प्रवेश पाकर अपनी मेधा का लोहा मनवाया है। उनकी यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे वैदिक इंटरनेशनल स्कूल परिवार के लिए अत्यंत हर्ष और प्रेरणा का विषय है। रिया की यह सफलता उनकी निरंतर मेहनत, अटूट लगन और उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन का परिणाम है। लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स को वैश्विक स्तर पर सामाजिक विज्ञान, अर्थशास्त्र, राजनीति और अंतरराष्ट्रीय अध्ययन के क्षेत्र में अग्रणी संस्थानों में गिना जाता है, जहाँ प्रवेश पाना दुनिया भर के मेधावी विद्यार्थियों का सपना होता है।
इस विश्वप्रसिद्ध संस्थान की गौरवशाली परंपरा रही है, जहाँ से नोबेल पुरस्कार विजेता अर्थशास्त्री अमर्त्य सेन, भारतीय संविधान के जनक डॉ. भीमराव आंबेडकर, प्रसिद्ध अंतरराष्ट्रीय निवेशक जॉर्ज सोरोस और ब्रिटेन के पूर्व प्रधानमंत्री क्लेमेंट एटली जैसे महान व्यक्तित्वों ने शिक्षा ग्रहण की है। अब इस गौरवमयी कड़ी में रिया अग्रवाल का नाम जुड़ना पूरे संबलपुर के लिए गर्व की बात है। स्कूल प्रबंधन और शिक्षकों का मानना है कि रिया की यह सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए एक नई प्रेरणा बनेगी और उन्हें भी बड़े लक्ष्यों को हासिल करने का साहस देगी। इस असाधारण उपलब्धि पर विद्यालय परिवार ने उन्हें हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल एवं स्वर्णिम भविष्य की कामना की है।
इस खास अवसर पर वैदिक ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स के चेयरमैन आनंद अग्रवाल ने कहा कि रिया की सफलता स्कूल के अन्य विद्यार्थियों के लिए एक बड़ा उदाहरण है। उन्होंने कहा कि वैदिक इंटरनेशनल स्कूल का ध्येय ही विद्यार्थियों को ऐसा संस्कार और मार्गदर्शन प्रदान करना है, जिससे वे वैश्विक पटल पर न केवल अपनी, बल्कि देश की पहचान भी स्थापित कर सकें। रिया की यह उपलब्धि यह सिद्ध करती है कि सही दिशा में मिला मार्गदर्शन और दृढ़ संकल्प हो, तो संबलपुर जैसे शहरों के विद्यार्थी भी दुनिया के सबसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अपना स्थान सुनिश्चित कर सकते हैं।




























You must be logged in to post a comment.