रायगढ़ (केलो प्रवाह)। आज भी जिले में ऐसे कई सरकारी स्कूल हैं, जहां बालिकाओं के लिए अलग शौचालय नहीं है। कॉमन टॉयलेट में जाना मजबूरी है। अब वीबी जी रामजी योजना से ऐसे स्कूलों में शौचालय का निर्माण किया जाएगा। इसके अलावा अंतिम संस्कार के लिए प्रत्येक गांव में सुविधाजनक मुक्तिधाम का भी निर्माण होगा। शासन ने मनरेगा को बंद कर वीबी जी रामजी योजना शुरू की है। पहले की तुलना में कार्यों का व्यापक क्षेत्र तय किया गया है। योजना के तहत ऐसे कई काम लिए जा रहे हैं, जिनके लिए विभागीय मंजूरी का इंतजार करना पड़ता था।
सरकारी स्कूलों में शौचालय बनाने के लिए शिक्षा विभाग से बजट का इंतजार करना पड़ता था। अब वीबी जी रामजी से जिले में दस-बीस नहीं, 267 स्कूलों को चुना गया है। शिक्षा विभाग ने इतने स्कूलों में बालिका शौचालय नहीं होने की जानकारी दी है। इसलिए इनको शामिल किया गया है। एक शौचालय निर्माण में 4.30 लाख की अनुमानित लागत होगी। इसके अलावा गांवों में मुक्तिधाम की बड़ी समस्या है। बढ़ती आबादी के कारण गांवों में खाली जमीन भी नहीं बच रही है। इसलिए अंतिम संस्कार के लिए 273 मुक्तिधाम सह प्रतीक्षालय का निर्माण वीबी जी रामजी से किया जाएगा। एक गांव में निर्माण के लिए 6 लाख रुपए मंजूर किए जा रहे हैं। एक साथ इतने गांवों में निर्माण से बड़ी समस्या का निराकरण होगा।
रेन वाटर हार्वेस्टिंग पर भी फोकस
वीबी जी रामजी योजना में रेन वाटर हार्वेस्टिंग स्ट्रक्चर पर भी फोकस किया जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में शासकीय भवन के पास इसका निर्माण होगा। एक इकाई की लागत 50 हजार रुपए तय की गई है। इसकी डिजाईन में तकनीकी रूप से कई कमियां हैं। सही तरीके से रेन वाटर हार्वेस्टिंग स्ट्रक्चर बनाने के लिए बोरवेल की जरूरत होती है। 50 हजार में क्या-क्या हो पाएगा।






















