Skip to content

डेढ़ साल में छह हजार महतारी हुई कम : उमेश पटेल के प्रश्न पर लक्ष्मी रजवाड़े ने दिया जवाब

IMG 20251218 WA0008

रायगढ़। प्रदेश में महतारी वंदन योजना में अपात्रों की छंटनी धीमी गति से चल रही है। जहां भी शिकायत हो रही है, सत्यापन के बाद भुगतान होल्ड कर दिया जा रहा है। विधानसभा में खरसिया विधायक उमेश पटेल ने सवाल किया। मंत्री लक्ष्मी रजवाड़े के जवाब से पता चला कि डेढ़ साल में करीब छह हजार महिलाएं कम हो गई हैं। प्रधानमंत्री किसान सम्मान योजना की तरह ही महतारी वंदन योजना में भी अपात्रों ने लाभ लिया है और अभी भी ले रही हैं। वेरीफिकेशन का कोई मापदंड नहीं होने की वजह से सरकारी कर्मचारी भी लाभार्थी बने बैठे हैं। पहले पंजीयन से लेकर अब तक करीब 4300 महिलाओं के नाम कट चुके हैं। इसकी वजह अलग-अलग बताई जा रही है। महतारी वंदन योजना के तहत महिलाओं को मार्च 2024 से लाभ मिल रहा है।

पहली किश्त 10 मार्च 2024 को मिली थी। अब तक करीब 21 किश्तें मिल चुकी हैं। इस योजना में अपात्रों की घुसपैठ होने पर हंगामा मचा हुआ है। इसकी वजह वेरीफिकेशन नहीं होना है। सरकार ने नियम बना लिए कि परिवार में कोई आयकरदाता हो, कोई सरकारी नौकरी वाला हो, पूर्व सांसद, विधायक, निगम, मंडल अध्यक्ष हो, उसको महतारी वंदन योजना का लाभ नहीं मिल सकता। लेकिन पंजीयन के दौरान कोई वेरीफिकेशन नहीं किया गया। केवल बैंक एकाउंट, आधार नंबर और मोबाइल नंबर लिंक होने की पुष्टि की गई। यह काम भी बैंक ने किया। महिला एवं बाल विकास विभाग ने आवेदिका के घोषणा पत्र को ही आधार बनाकर पंजीयन कर दिया।

प्रारंभिक महीनों में जितनी महिलाओं को भुगतान हुआ, अब संख्या कम हो चुकी है। अब जो अपात्र हो रही हैैं, उनको पूर्व में किश्त मिल चुकी है। रायगढ़ जिले में 3,07,521 महिलाओं ने पंजीयन करवाया था। 1 जून 2024 को इनमें से 3,04,858 को ही भुगतान हुआ था। 3 दिसंबर 2024 को जिले में 3,03,222 महिलाओं को भुगतान हुआ। जबकि 30 नवंबर 2024 की स्थिति में जिले में 3,04,679 महिलाएं सूचीबद्ध थीं। 25 नवंबर 2025 की स्थिति में रायगढ़ जिले में 3,01,557 महिलाएं लाभ ले रही हैं। मतलब 5964 महिलाओं का नाम कट गया है या भुगतान होल्ड कर दिया गया है।

रायगढ़ में दूसरे सबसे ज्यादा पेंशनधारक

महतारी वंदन योजना का लाभ लेने के लिए महिलाओं का आधार नंबर, बैंक एकाउंट और मोबाइल नंबर लिंक्ड होने चाहिए। किसी को सामाजिक सहायता के तहत पेंशन मिल रही हो तो अंतर की राशि ही मिलेगी। रायगढ़ जिले में करीब 53719 पेंशनधारक हैं। दिलचस्प बात यह है कि प्रदेश में पेंशन पाने वालों में रायगढ़ से अधिक महिलाएं केवल बिलासपुर में 54856 हैं।

screenshot 20251218 111836 wpsoffice4532997723210493254

इस खबर को शेयर करें:

8690517c9326392a68531b5faf7668b00e00b86685972a50e34c21832c7c1c6c?s=90&d=mm&r=g

Editorial

News Room

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ से 1988 से निरंतर प्रकाशित दैनिक समाचार पत्र 'केलो प्रवाह' का यह Official Digital News Room है। हमारी संपादकीय टीम देश और छत्तीसगढ़ की प्रमुख खबरों, सीएम की गतिविधियों और शासन की जनहितैषी योजनाओं को प्रमुखता से साझा करती है। किसानों के हित में समर्पित हमारी टीम, 'जल, जंगल और जमीन' से जुड़े संवेदनशील मुद्दों और विभिन्न विभागों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने वाली रिपोर्टिंग के साथ ही सुदूर अंचलों की ज़मीनी हकीकत को सामने लाती है। जनहित से जुड़ी गतिविधियों, खनिज और औद्योगिक क्षेत्रों की 'Exclusive' खबरों को Evidence के साथ प्रमाणिकता से प्रकाशित करना हमारी प्राथमिकता है। राजनीति, प्रशासन, अपराध, स्पोर्ट्स, रोज़गार, खेती-किसानी और धार्मिक विषयों सहित हर क्षेत्र की खबरों को पूरी शुचिता के साथ प्रस्तुत करना ही हमारा संकल्प है।

Share: