डेस्क। यूंतो दुनिया में सैकड़ों लोगों की मूर्तियां चौक-चौराहों पर लगी हैं, जिन्हें बहुत सम्मान दिया जाता है, फूल-माला पहनाए जाते हैं. पर क्या आप जानते हैं कि दुनिया में एक कपल की ऐसी भी मूर्ति है, जिसका सम्मान करना तो दूर, लोग उसके ऊपर थूकते हैं, उसे थप्पड़ और लात-घूंसे मारते हैं. ये पति-पत्नी घुटनों के बल बैठे दिखाए गए हैं और उनका सिर नीचे झुका है. इन दोनों को देश का सबसे ज्यादा नफरत (Most Hated Statues) किये जाने वाले लोग माना जाता है. क्या आप जानते हैं कि आखिर उन्होंने ऐसा क्या किया जो उनके साथ ऐसा हश्र हो रहा है? चलिए हम आपको बताते हैं.
एक रिपोर्ट के अनुसार चीन के हांग्जू शहर में दो मूर्तियां हैं, जिनका इतिहास 500 साल पुराना है. ये मूर्तियां क्विन हुई (Qin Hui statue China) और उनकी बीवी की है. क्विन हुई, 12वीं सदी में चीन के सॉन्ग साम्राज्य में एक बड़े पद पर आसीन अधिकारी थे. उनकी और उनकी बीवी की मूर्तियां एक महान और निडर जनरल, हुई फी के मकबरे के सामने लगाई गई है. वो मकबरा इतना भव्य है कि देखने लायक है. मूर्ति ऐसे बनाई गई है कि क्विन हुई और उनकी बीवी घुटनों के बल मकबरे के सामने बैठे हैं और सिर शर्म से नीचे झुका हुआ है. उनकी ये मूर्ति दंड और शर्म को दर्शाती है.
जनरल को झूठे आरोपों में फंसाया
यूं तो क्विन हुई का नाम इतिहास में चर्चित है क्योंकि उन्होंने जिन नाम के एक दूसरे साम्राज्य से संधी करवाई थी, पर उन्हें बुरा इस वजह से माना जाता है क्योंकि उन्होंने जनरल हुई फी को ऐसे आरोपों में फंसाया, जिसे उन्होंने अंजाम ही नहीं दिया था. उनके झूठे आरोपों की वजह से जनरल को पहले जेल में डाला गया और फिर मौत दे दी गई. मौत के बाद जनरल हुई फी चीन में शहीद बन गए, लोग उन्हें नम आंखों से याद करते हैं. वो लोगों के हीरो हैं क्योंकि उन्होंने चीन की रक्षा दुश्मनों से की थी. पर दूसरी ओर क्विन हुई को चीन का सबसे ज्यादा नफरत किया जाने वाला व्यक्ति माना गया. हर दिन हजारों लोग जो वहां से गुजरते हैं, वो मूर्तियों पर थूकते हैं, थप्पड़ मारते हैं और जूते मारते हैं.
11 बार बदल चुकी है मूर्ति
आज भी आलम ये है कि लोग जमकर उन्हें बद्दुआं देते हैं और मारते हैं. आप लोगों के गुस्से का अंदाजा इसी बात से लगा सकते हैं कि जिन असली मूर्तियों को सैकड़ों साल पहले लगाया गया था, उसे 11 बार बदला जा चुका है क्योंकि वो लोगों की मार से क्षतिग्रस्त हो जाती थी. 1979 में हालिया मूर्ति लगी है. चीन में एक फ्राइड खाना मिलता है, जिसे यूटिआओ कहते हैं. इसका अर्थ होता है तेल में तला हुआ राक्षस. ये खाना दो लोई को साथ में जोड़कर बनाया जाता है. मान्यता है कि ये खाना क्विन हुई और उसकी बीवी को दर्शाता है. इतिहासकारों की राय इस मामले में अलग-अलग है, मगर आज भी लोग क्विन हुई और उसकी बीवी गद्दार मानते हैं.

























