रायगढ़। विगत दिनों तेज अंधड़ में गिरे होर्डिंग के कारण हुई हानि के बाद नगर निगम की निद्रा भंग हुई है। निगम प्रशासन ने आधा दर्जन होर्डिंग ठेकेदारों को नोटिस जारी करते हुए भवनों पर लगाये गये होर्डिंग की जांच कर सुधार कार्य करवाने की स्थिति हो तो मरम्मत करवाने तथा दो वर्ष से अधिक पुराने हो चुके विज्ञापन बोर्ड को पंजीकृत अभियंता से जांच करा कर संरचनात्मक स्थिरता प्रमाण पत्र 7 दिवस के भीतर प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है।
शहर में दो बार लगातार आंधी तुफान के कारण होर्डिंग के टूट कर बिजली तारों पर गिरने के मामले सामने आये हैं। गत दिनों सुभाष चौक स्थित पुराने भवन पर लगे बड़े होर्डिंग के आंधी में गिरने से उसकी चपेट में आकर एक युवती भी गंभीर रूप से घायल हो गई थी। ऐसे में किसी बड़ी जनहानि से भी इनकार नहीं किया जा सकता था। हादसा होने के बाद नगर निगम प्रशासन की नींद खुली है।
वहीं निगम प्रशासन द्वारा सभी विज्ञापन बोर्ड लगाने वाले ठेकेदारों को नोटिस जारी किया है। निगम द्वारा एएसए रायपुर, एएए रायगढ़, सिटी एडवरटाईजर्स रायगढ़ सहित तकरीबन आधा दर्जन ठेकेदारों को दिये गये नोटिस में कहा गया है कि वर्षा ऋतु में आंधी तूफान होने के कारण विज्ञापन बोर्डों के फटने या गिरने की संभावना है। जो बोर्ड अधिक पुराने हो चुके हैं उन बोर्डों की गिरने की संभावना ज्यादा रहती है, ऐसी स्थिति में जिन भवनों पर बोर्ड लगे हैं उन भवनों के जर्जर होने या ढहने व जन-धन के नुकसान होने की संभावना रहती है।
नोटिस में कहा गया है कि सभी विज्ञापन बोर्ड का नगर निगम के इंजीनियर के साथ स्वयं निरीक्षण करें। वहीं किसी बोर्ड के स्ट्रक्चर का कोई भाग यदि टूटा हो तो या फिर उसकी मजबुती के लिए लगाये गये नट बोल्ट को बदलने या मरम्मत की जरूरत हो तो उसे तत्काल करायें। साथ ही रायगढ़ नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत रजिस्टर्ड इंजीनियर से प्रमाणीकर कर संरचनात्मक स्थिरता प्रमाण पत्र 7 दिवस के भीतर नगर निगम में जमा करने का निर्देश जारी किया है।






















